कोडीन कफ सिरप कांड में न्यायालय में चौथा आरोप पत्र दाखिल, चार्ज शीट में शैली ट्रेड्स के जरिए बिलिंग का खुलासा
एसटीएफ ने कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार मामले में चौथा आरोप पत्र दाखिल किया है। इसमें शुभम जायसवाल समेत ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
एसटीएफ ने कोडीन कफ सिरप मामले में चौथा आरोप पत्र दाखिल किया।
शुभम जायसवाल सहित चार नए आरोपितों के नाम शामिल किए गए।
शैली ट्रेड्स फर्म के जरिए अवैध बिलिंग का खुलासा हुआ।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार की जांच कर रही एसटीएफ ने शनिवार को मामले में चौथा आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया। 38 हजार पन्नों के इस आरोप पत्र में शुभम जायसवाल, उसके मौसेरे भाई गौरव जायसवाल समेत चार लोगों को आरोपित किया गया है। अन्य दो आरोपित विकास सिंह नर्वे और अमित हैं। शुभम और गौरव घटना के बाद से दुबई में बताये जा रहे हैं।
एसटीएफ की जांच में सामने आया है कि शुभम अपने पिता के नाम पर झारखंड में पंजीकृत शैली ट्रेड्स के जरिए कारोबार संचालित कर रहा था। फर्म का इस्तेमाल मुख्य रूप से बिलिंग के लिए किया गया। जांच में वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र और गाजियाबाद समेत चार से पांच जिलों में इस फर्म के माध्यम से बिलिंग किया गया।
इससे पहले एसटीएफ ने कफ सिरप सिंडिकेट के तीन सुपर डिस्ट्रीब्यूटरों समेत छह आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। इनमें विभोर राणा, सचिन कुमार, अभिषेक शर्मा, विशाल सिंह, बिट्टू कुमार और शुभम शर्मा के नाम शामिल थे। एसटीएफ ने इन आरोपितों के खिलाफ साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपपत्र दाखिल किया था।
एसटीएफ के अनुसार, मामले में अब तक 14 आरोपितों के विरुद्ध चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। इससे पहले दाखिल चार्जशीट में विशाल और राणा के नाम भी शामिल थे। ताजा चार्जशीट में शुभम, गौरव, विकास सिंह नर्वे और अमित जायसवाल को शामिल किया गया है।
एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक लालता प्रसाद सिंह ने बताया कि कोडीनयुक्त कफ सिरप मामले में दर्ज प्राथमिकी की विवेचना इंस्पेक्टर अंजनी पांडेय कर रहे हैं। मामले की जांच जारी है।
