UP में फेन्सीडिल-कोडीन युक्त दवाओं का अवैध कारोबार, एसटीएफ ने भूपेंद्र सिंह चौहान को किया गिरफ्तार
STF Action in Matter of Codine Syrup: एसटीएफ इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

एसटीएफ ने भूपेंद्र सिंह चौहान को पकड़ा
HighLights
कम समय में अधिक धन कमाने की लालच में काले कारोबार से जुड़ा
वर्ष 2019 में कंपनी से इस्तीफा देने के बाद वह कोडीन युक्त दवाओं के कारोबार से रहा जुड़ा
राज्य ब्यूरो, लखनऊ : फेन्सीडिल कफ सीरफ और कोडीन युक्त अन्य दवाओं के अवैध भंडारण व कारोबार के मामले में एसटीएफ ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ की लखनऊ इकाई ने बुधवार शाम विभूतिखंड क्षेत्र में शहीद पथ तिराहे के पास राजभोग रेस्टोरेंट की सर्विस लेन से भूपेंद्र सिंह चौहान को पकड़ा। उसके पास से दो एंड्रायड मोबाइल फोन, एक एप्पल आइफोन और 2300 रुपये बरामद हुए हैं।
एसटीएफ के अनुसार, आरोपित के विरुद्ध थाना सुशांत गोल्फ सिटी में मुकदमा दर्ज है। आरोपित से पूछताछ के बाद एसटीएफ ने कोडीन युक्त कफ सिरप के नेटवर्क से जुड़े कारोबार और कंपनियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाने का दावा किया है।
एसटीएफ की पूछताछ में भूपेंद्र ने बताया कि वह वर्ष 2006 से 2013 तक एक कंपनी में काम कर चुका है। इसके बाद उसने मेडिकल कारोबार से जुड़े अलग-अलग प्रतिष्ठानों में काम किया। वर्ष 2014 में उसने ‘वेट एजेंसीज’ के नाम से लाइसेंस बनवाकर एबॉट कंपनी का स्टॉकिस्ट बनने की जानकारी दी। वर्ष 2016 में उसने ‘जीआर ट्रेडिंग’ के नाम से फर्म शुरू की।
एसटीएफ के मुताबिक वर्ष 2018 में जीआर ट्रेडिंग के नाम से एक और फर्म बनाई गई। वर्ष 2019 में कंपनी से इस्तीफा देने के बाद वह कोडीन युक्त दवाओं के कारोबार से जुड़ा रहा। पूछताछ में आरोपित ने कोरोना काल के दौरान भी दवाओं की सप्लाई से जुड़े कारोबार की जानकारी दी है।
जांच में लखनऊ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कोडीन युक्त दवाओं की सप्लाई और कारोबार से जुड़े लोगों के संपर्क सामने आने की बात कही गई है। एसटीएफ इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
