Move to Jagran APP

मोदी सरकार में घोटाले और भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के घपले, घोटाले और भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने आज प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया। विरोध के छह विंदु थे।

By Nawal MishraEdited By: Published: Tue, 20 Feb 2018 06:10 PM (IST)Updated: Tue, 20 Feb 2018 11:59 PM (IST)
मोदी सरकार में घोटाले और भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन
मोदी सरकार में घोटाले और भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

लखनऊ (जेएनएन)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के घपले, घोटाले और भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस ने आज प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन का आह्वान उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने किया। विरोध के लिए छह विंदु तय किए गए। इनमें ताजा पीएनबी बैंक घोटाला प्रमुख रहा। इस दौरान केंद्र सरकार विरोधी नारेबाजी, जुलूस, चक्का जाम, धरना, ज्ञापन और पुतला दहन आदि के जरिए प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने नीरव मोदी, विजय माल्या और ललित मोदी के भ्रष्टाचार में केंद्र सरकार पूरी तरह दोषी करार दिया। साथ ही देश के अन्य सूबों में भाजपा सरकारों के कारनामों की जांच की मांग रखी।

loksabha election banner

लखनऊ में पुतला फूंका

कांग्रेस के लखनऊ दफ्तर में सुबह से ही कार्यकर्ता एकत्र होने लगे थे। जिलाध्यक्ष गौरव व शहर अध्यक्ष बोधलाल की अगुवाई में सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए पार्टी कार्यकर्ता विधानसभा की ओर बढ़े लेकिन पुलिस ने आगे नहीं बढऩे दिया। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की जैसे हालात भी बने लेकिन, कांग्रेसियों को बैकफुट पर आना पड़ा। सरकार का पुतला फूंककर विरोध किया। इस मौके सभी जिला केंद्रों पर प्रदर्शन कर कांग्रेसियों ने पीएनबी घोटाले के विरोध के बहाने केंद्र पर निशाना साधा।

सीतापुर में जुलूस निकालकर नारेबाजी 

सीतापुर जिला कांग्रेस कमेटी ने लालबाग पार्क में धरना दिया और विरोध जुलूस निकालकर नारेबाजी की। लालबाग चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करते भाजपा को अक्षम सरकार बताते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम विनय पाठक को सौंपा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव श्याम किशोर शुक्ला ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से किसान व व्यापारी पूरी तरह त्रस्त हैं। सरकार बनने से पूर्व प्रधानमंत्री ने जो वादे किए वह खोखले निकले। किसानों को लागत मूल्य भी नहीं मिल पा रही। गेंहूं, धान की खरीद में घपलेबाजी की जा रही है। केंद्र सरकार घपलेबाजी व घोटालेबाजों के आगे असहाय साबित हो रही है। केंद्र व यूपी सरकार असफल हो गयी है।  

भ्रष्टाचार पर कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार को घेरा 

फतेहपुर में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों ने देश में व्याप्त घोटालों का ठीकरा केंद्र सरकार के सिर फोड़ा। कांग्रेस के प्रांतीय आह्वान पर जिलाध्यक्ष अमरनाथ सिंह अनिल की अगुवाई में सोमवार को प्रदर्शन करके राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा गया। कांग्रेसियों ने छह विंदुओं को उठाकर भाजपा की केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पीएनबी घोटाला करने वाला नीरव मोदी देश की जनता की गाढ़ी कमाई लेकर विदेश फुर्र हो गया है। ललित मोदी और विजय माल्या भी देश को चूना लगाकर भाग खड़े हुए हैं। देश की सत्ता के संरक्षण में हो रहे घोटाले जैसे प्रकरणों की जांच कराई जाए और दोषियों को दंडित किया जाए। 

 

पीएनबी घोटाले की सीबीबाई जांच की मांग 

हरदोई जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष व कार्यवाहक जिलाध्यक्ष की ओर से अलग-अलग धरना देकर पीएनबी घोटाले की सीबीआई जांच की मांग की गई। कहा कि ललित मोदी, विजय माल्या, नीरव मोदी जैसे घोटालेबाज फरार हो रहे हैं और देश के चौकीदार सो रहे हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव कुमार व शहर अध्यक्ष शशिभूषण शुक्ल शोले के नेतृत्व में पुलिस लाइन के सामने स्थित गांधी पार्क में धरना दिया गया जबकि कार्यवाहक जिलाध्यक्ष आशीष कुमार की अगुवाई में कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया गया। दोनों के द्वारा राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को दिया गया। कांग्रेसियों ने कहा कि प्रधानमंत्री के नोटबंदी के जनविरोधी फैसले के कारण इन्हीं बैंकों में कतारों में नोट निकालने व जमा करने के लिए सैकड़ों लोगों की जान चली गई। 

 

बहराइच में कांग्रेसियों का विरोध मार्च

बहराइच कांग्रेस में पीएनबी घोटाले के विरोध में कांग्रेसियों ने विरोध मार्च निकाला। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह आजाद ने कहा कि पिछले दिनों आर्थिक अपराधी भगोड़े विजय माल्या की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि दूसरा बड़ा आर्थिक घोटाला व जालसाजी नीरव मोदी द्वारा क्रेडिट डेविट व डिजिटल बैंकिंग को आधार बनाकर 11400 करोड़ रुपये पंजाब नेशनल बैंक समेत अन्य राष्ट्रीयकृत बैंकों को निशाना बनाया गया। सरकारी खानापूर्ति के लिए निर्दोष बैंक कर्मियों को निशाना बनाकर इस घोटाले पर जनता का ध्यान बांटने के लिए उलझाया जा रहा है। आर्थिक अपराधी व घोषित भगोड़ा विजय माल्या को देश में लाया जाए। वित्तीय साक्षरता के अभाव में बैंकों में बिचौलिए अधिक हैं, जिसकी स्वीकृति नाबार्ड सामाजिक रूप से कर चुका है।

माल्या टाइप घोटाले की पुनरावृत्ति

श्रावस्ती में बैंक घोटाले के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। पार्टी कार्यालय से ईदगाह तिराहे तक जुलूस निकाल कर कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। इस दौरान घोटाले के आरोपियों को देश से फरार होने में मदद का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के शासन काल में पंजाब नेशलन बैंक का 11 हजार 400 करोड़ रुपये का घोटाला उजागर हुआ है। यह माल्या की ओर से किए गए घोटाले की पुनरावृत्ति है। 

राहुल पर टिप्पणी से भड़के कांग्रेसी

प्रदेश प्रवक्ता अशोक सिंह ने कैसरगंज के भाजपा सांसद द्वारा राहुल गांधी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि केवल मीडिया में सुर्खियों को बटोरने की चाहत में भाजपाइयों का असली चरित्र सामने आने लगा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमर्यादित टिप्पणी कने से वाले भाजपाइयों को अपने गिरेबां में झांक लेना चाहिए। उनकी सच्चाई आम जनता से छिपी नहीं है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.