राम मंदिर मुद्दे पर सर्वसम्मत हल नहीं निकला तो और भी विकल्प : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों के आस्था का मुद्दा है। यह शांति, सौहार्द, विकास और व्यवस्था से भी जुड़ा है। मैं चाहता हूं कि सर्वसम्मत हल निकले तो बेहतर अन्यथा और भी विकल्प हैं।
लखनऊ (जेएनएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राम मंदिर देश एवं दुनिया के करोड़ों लोगों के आस्था से जुड़ा मुद्दा है। यह देश खासकर उप्र के शांति, सौहार्द, विकास और शांति व्यवस्था से भी जुड़ा मसला है। मैं चाहता हूं कि सर्वसम्मत से इसका हल निकले तो बेहतर, अन्यथा और भी विकल्प हैं। बुधवार को सरकारी आवास पर मीडिया से बातचीत में योगी ने कहा कि सुप्रीमकोर्ट देश के 125 करोड़ लोगों के भरोसे का प्रतीक है। लोग हर जगह से थक-हार कर वहां शीघ्र इंसाफ के लिए जाते हैं। उनकी उम्मीद पूरी होनी चाहिए।
जाकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देखहीं तिन तैसी
मंदिर निर्माण में हो रही देरी पर विश्व हिंदू परिषद और संतों की नाराजगी पर योगी ने कहा कि सभी देश हित में काम करने वाली सरकार के साथ हैं। वह केंद्र के अब तक के कार्यों को देख रहे हैं। मैंने उनसे धैर्य की अपील की है। मैं भरोसा दिलाता हूं कि जो भी होगा जन भावनाओं के अनुरूप और अच्छा होगा। अयोध्या पर फोकस के बाबत योगी ने कहा कि सिर्फ अयोध्या क्यों? हमारा ध्यान तो काशी, मथुरा, चित्रकूट, प्रयागराज पर भी समान रूप से है। यही नहीं हर धर्म से जुड़े धर्मस्थलों पर बेहतर बुनियादी सुविधाएं देना हमारी प्रतिबद्धता है। इन जगहों को पिछली सरकारों ने उपेक्षित कर दिया था। अब विकास के जरिये इनको मुख्यधारा में ला रहे हैं। इसके बाद भी अगर लोगों को कुछ और दिख रहा है तो उनके लिए सिर्फ इतना ही जाकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देखहीं तिन तैसी।।
देव दीपावली में काशी जाऊंगा
योगी ने कहा कि आप लोग सिर्फ अयोध्या और दीपोत्सव की बात करते हैं। मैं होली में मथुरा-वृंदावन भी गया था। देव दीपावली में काशी जाऊंगा। चित्रकूट जा चुका हूं। कश्मीर के ङ्क्षहदू राजा के बारे में दिये गये बयान पर लोगों की टिप्पणी के बारे में उन्होंने कहा कि यह इतिहास न पढऩे वालों का बयान है। औरंगजेब द्वारा ङ्क्षहदुओं का दमन और इसके विरोध में गुरु तेग बहादुर सिंह का बलिदान इनको याद नहीं है।
गठबंधन की बात, करने वाले जानें, हम चुनाव के लिए तैयार
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि गठबंधन जिनमें होना है, वह उनका मसला है। रही हमारी बात तो आम चुनाव के लिए हमारी तैयारी पूरी है। राहुल द्वारा खुद को राष्ट्रवादी कहने पर योगी ने कहा कि देर आये दुरुस्त आए। वैसे हिंदुत्व और राष्ट्रवाद एक दूसरे के पूरक हैं।
अयोध्या को मिलेगी खास सौगात
इस दीपोत्सव को अयोध्या को खास सौगात मिलना तय है। उस दिन वहां खास अतिथि के रूप में आ रहीं दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति की पत्नी किम जुंग-सू कोरिया की रानी हियो ह्वांग की याद में 50 करोड़ की लागत से बनने वाले स्मारक की बुनियाद रखेंगी। यह स्मारक दोनों देशों के प्राचीन रिश्ते को याद दिलाता रहेगा। माना जाता है कि रानी हियो अयोध्या की राजकुमारी थीं। उनका मूल नाम सूरीरत्ना था। कोरिया के राजकुमार किम सूरो से शादी करने के बाद उनका नया नाम पड़ा। इसके अलावा मुख्यमंत्री भी अयोध्या के विकास के लिए बड़ी सौगात दे सकते हैं।