समाजवाद के मूल सिद्धांतों से भटक चुकी सपा, शिवपाल अपनी पार्टी मजबूत करने में जुटे
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया (पीएसपीएल) अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने मंडल प्रभारियों और जिलाध्यक्षों की बैठक कर बूथ स्तर तैयारियों का निर्देश दिया।
लखनऊ (जेएनएन)। अपनी नई पार्टी के गठन के बाद प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया (पीएसपीएल) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने शनिवार को पहली बार मंडल प्रभारियों और जिलाध्यक्षों की बैठक कर उन्हें बूथ स्तर की तैयारियों में जुटने का निर्देश दिया। इसके लिए 30 नवंबर की समय सीमा निर्धारित की गई है। इससे पहले शिवपाल की पार्टी बूथ स्तरीय समितियों का गठन पूरा कर लेगी।
लोहिया की विचारधारा बढ़ाने को जुटना होगा
भाजपा सरकार की ओर से आवंटित अपने सरकारी आवास में पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए शिवपाल ने कहा कि भविष्य की रणनीति के साथ पार्टी को आगे बढ़ाया जाएगा। समाजवादी पार्टी समाजवाद के मूल सिद्धांतों से भटक चुकी है, इसलिए लोहिया की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए मेहनत से जुटना होगा। शिवपाल ने कहा कि उनकी पार्टी उन बुनियादी मुद्दों पर काम करेगी जो नौजवानों, किसानों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के जीवन में आमूलचूल बदलाव ला सके।
जल्द ही सम्मेलन का स्थान और तारीख
बैठक में राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने पर भी विचार किया गया। इसके लिए जल्द ही स्थान और तारीख का निर्णय कर लिया जाएगा। बैठक में पूर्व सांसद व विधायक रघुराज सिंह शाक्य, पूर्व विधायक राम नरेश यादव, पूर्व सांसद वीरपाल यादव, पूर्व मंत्री शारदा प्रताप शुक्ल, पूर्व मंत्री शादाब फातिमा, चौधरी रक्षपाल, पार्टी के महासचिव आदित्य यादव व प्रवक्ता दीपक मिश्र ने अपने विचार रखे। संचालन पार्टी प्रवक्ता अभिषेक सिंह आशु ने किया।
कल्बे जव्वाद से मिले शिवपाल
शिवपाल सिंह यादव ने शनिवार को शिया धर्म गुरु कल्बे जव्वाद से मुलाकात की। उन्होंने पार्टी के गठन के बारे में उन्हें जानकारी दी। शिवपाल ने इसे सिर्फ शिष्टाचार भेंट बताया।