साढ़े चार साल में मोदी सरकार ने गंगा सफाई के लिए कुछ नहीं कियाः अखिलेश
संत जीडी अग्रवाल की मौत के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। कहा कि साढ़े चार साल में सरकार ने गंगा के लिए कुछ नहीं किया।
लखनऊ (जेएनएन)। गंगा की सफाई के लिए आंदोलन करने वाले संत जीडी अग्रवाल की मौत के बाद समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि साढ़े चार साल बीत जाने पर भी केंद्र की भाजपा सरकार ने गंगा की सफाई के नाम पर कुछ नहीं किया। भाजपा ने गंगा मैया को भी धोखा दिया है। ऐसे धोखेबाजों को गंगा मैया माफ नहीं करेंगी। मोदी सरकार पर चारों तरफ से उंगलियां उठ रही हैं, लेकिन उसके पास कोई जवाब नहीं है।
सड़क से शौचालय बनाने तक हर जगह भ्रष्टाचार
डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को लोहिया पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राफेल डील में यदि सब कुछ सही था तो अब रक्षा मंत्री किस बात का आकलन करने फ्रांस गई हैं। भाजपा सरकार में बाथरूम बनाने से लेकर सड़क और गड्ढा मुक्त योजना तक में जबरदस्त भ्रष्टाचार हो रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि डॉ. लोहिया ने जो रास्ता दिखाया था, नेताजी मुलायम सिंह यादव ने उसी पर आगे चलने का काम किया और सपा उसी रास्ते पर चलते हुए गरीबों, किसानों और मजदूरों की हितों की लड़ाई लड़ रही है।
आखिर नोटबंदी से किसे फायदा
पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा के समाजवादी पार्टी के साथ मंच साझा करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री नोटबंदी पर कोई बात कह रहे हैं तो वह बहुत गंभीर है। आखिर नोटबंदी से किसे फायदा हुआ। डीजल-पेट्रोल की मूल्य वृद्धि के सवाल पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को बताना चाहिए कि जो मुनाफा हो रहा था, वह कहां गया, किसकी जेब में गया। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद अहमद हसन, पूर्व मंत्री रविदास मेहरोत्रा, सपा नगर अध्यक्ष फाखिर सिद्दीकी, अनुराग यादव समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।