अपने कामों की जांच के लिए स्थायी आयोग ही बना दे सरकार : अखिलेश
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बस्ती में फ्लाइओवर गिरने को लेकर भाजपा को ना-काम सरकार कहकर निशाने पर लिया है।
लखनऊ (जेएनएन)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बस्ती में निर्माणाधीन फुटहिया फ्लाइओवर गिरने को लेकर भाजपा सरकार को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा कि इस 'ना-काम सरकार' में कोई काम नहीं हो रहा है और जो एकआध हो भी रहा है, तो उसकी ये दुर्दशा है। अब तो सरकार को अपने कामों की कमी व भ्रष्टाचार की जांच के लिए कोई स्थायी आयोग ही बना देना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि बस्ती में बन रहे नेशनल हाईवे के फुटहिया फ्लाईओवर गिरने से हताहत लोगों को सरकार तुरंत राहत पहुंचाये।
निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता बेहद खराब
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता बेहद खराब है। बस्ती की घटना के पूर्व 15 मई को प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में भी निर्माणाधीन पुल का हिस्सा ढहने से कई लोगों की मृत्यु हो गयी थी। उसके बाद भी सरकार की आंख नहीं खुली। अखिलेश ने कहा कि सोलह महीनों में उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में सड़कों का बुरा हाल हो गया। प्रदेश के महानगरों की मुख्य सड़कें भी खस्ताहाल हैं। समाजवादी सरकार में जो विकास कार्य शुरू हुए थे, भाजपा सरकार आते ही वे योजनाएं भ्रष्टाचार का शिकार हो गयीं। पूरे प्रदेश में निर्माणाधीन कार्य कमीशनबाजी की भेंट चढ़ गये है। बनारस, बस्ती, जैसे हादसे हो रहे हैैं। जब नेशनल हाई-वे के निर्माण कार्य खराब गुणवत्ता के कारण ढह सकते हैं तो फिर राज्य की सड़कों का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।