सपा-भाजपा दोनों ने जताया कमलनाथ के बयान पर विरोध, कहा-माफी मांगें
मध्य प्रदेश की बेरोजगारी के लिए उत्तर प्रदेश और बिहार को जिम्मेदार ठहराने के मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के बयान की भाजपा और सपा दोनों ने आलोचना की है।
जेएनएन, लखनऊ। मध्य प्रदेश की बेरोजगारी के लिए उत्तर प्रदेश और बिहार को जिम्मेदार ठहराने के मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ के बयान की भाजपा और सपा दोनों ने आलोचना की है। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को इस बयान पर माफी मांगनी चाहिए तो समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस तरह की बातों को गलत ठहराया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय ने भी इस बयान पर विरोध जताया है।
मध्य प्रदेश में कांग्रेस का बयान दुर्भाग्यपूर्ण
कमलनाथ का बयान आने के बाद योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया-मध्य प्रदेश में कांग्रेस का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। यह कांग्रेस के विभाजन और विघटनकारी मंसूबों को प्रदर्शित करता है। राहुल गांधी को इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
अखिलेश यादव ने सपा मुख्यालय में पत्रकारों के सवाल पर कहा कि यह गलत है। मध्य प्रदेश से पहले महाराष्ट्र में भी नौकरी और रोजगार करने वाले दूसरे प्रांत के लोगों को भगाया जा रहा था। दिल्ली से भी इसी तरह की आवाज आ रही थी। यह गलत है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय ने कहा कि कमलनाथ का बयान घोर निंदनीय है और कांग्रेस के दोहरे चरित्र को उजागर करता है। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल पूछा कि वह देश की जनता को बताएं कि वह कमलनाथ के बयान के साथ हैं कि नहीं? इस बयान के लिए कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए।