ब्रेन हेमरेज के लिए स्पीड ब्रेकर भी जिम्मेदार, जानिए कैसे Lucknow news
स्पीड ब्रेकर पर तेज ब्रेक लगाने से भी हो सकती है हेड इंजरी। केजीएमयू लखनऊ में न्यूरो सर्जरी विभाग की रिसर्च में हुआ खुलासा।
लखनऊ, जेएनएन। सड़क, गली में मनमाने तरीके से बने स्पीड ब्रेकर जानलेवा हैं। ब्रेकर से तय दूरी पर इंडीकेशन न होने से जहां हेडइंजरी हो रही हैं। वहीं दोपहिया वाहन चालक के अचानक ब्रेक लगाने से ब्रेन हेमरेज भी हो सकता है।
केजीएमयू के न्यूरोलॉजी विभाग के अध्यक्ष डॉ. आरके गर्ग के मुताबिक स्पीड ब्रेकर लोगों की जिंदगी पर ब्रेक लगा रहे हैं। अधिकतर जगह स्पीड ब्रेकर से पहले तय दूरी पर इंडीकेशन नहीं लगे हैं। अचानक स्पीड ब्रेकर के पास वाहन नियंत्रण करना मुश्किल होता है। ऐसे में चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। उन्हें हेड इंजरी हो रही है। वहीं मानकों के विपरीत बने स्पीड ब्रेकर से व्यक्ति कमर दर्द, पीठ दर्द की समस्या हो रही है। इसमें रीढ़ की हड्डी के आस-पास की मांस पेशियों में स्पॉज्म होने से स्लिप डिस्क की शिकायत हो रही है।
कैसे हो रहा ब्रेन हेमरेज
डॉ. आरके गर्ग के मुताबिक यदि दोपहिया चालक रफ्तार में है। अचानक स्पीड ब्रेकर के पास ब्रेक लगाता है। ऐसे में शरीर के अंगों की पोजीशन भी अनियंत्रित हो जाती है। वहीं ब्रेन स्कल में भरे फ्ल्यूड में तैरता है। इसी फ्ल्यूड से होकर रक्तवाहिका ब्रेन में पहुंचती हैं। अचानक ब्रेक लगाने से फ्लूड में तैर रहे ब्रेन का मूवमेंट तेजी से हो जाता है, लिहाजा रक्तवाहिका रेप्चर हो जाती हैं। यह ब्रेन हेमरेज कहलाता है।