मुंबई और आनंद विहार के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को करनी हाेगी जेब ढीली
बांद्रा टर्मिनस से गोरखपुर के बीच तीन फेरे लगाएगी स्पेशल ट्रेन। आनंद विहार-छपरा के बीच एक फेरा लगाएगी ट्रेन।
लखनऊ(जेएनएन)। पूर्वोत्तर रेलवे ने त्योहार पर यात्रियों को राहत देने के लिए मुंबई व आनंद विहार के लिए स्पेशल ट्रेन शुरू की है। हालांकि मुंबई के लिए रेलवे सुविधा स्पेशल ट्रेन चलाएगा। इसमें सफर करने के लिए यात्रियों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय ने बताया कि ट्रेन संख्या 82909-82910 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर सुविधा स्पेशल ट्रेन का संचालन तीन फेरों के लिए किया जाएगा। ये ट्रेन बांद्रा से 3, 10 व 17 नवंबर को सुबह 6.40 बजे चलाई जाएंगी। ट्रेन सूरत, बड़ोदरा, गोधरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, अछनेरा, मथुरा, कन्नौज, कानपुर होते हुए अगले दिन दोपहर 1.20 बजे लखनऊ पहुंचेगी। यहां से गोंडा, बस्ती होते हुए शाम 6.20 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वहीं 82910 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस को 4, 11 व 18 नवंबर को रात 9.20 बजे चलेंगी। ट्रेन रात दो बजे लखनऊ होते हुए अगले दिन बांद्रा पहुंचेंगी। छठ व दीपावली पर आनंद विहार से छपरा के लिए भी एक स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। ट्रेन 04088-04087 आनंद विहार-छपरा आठ नवंबर को शाम 7.25 बजे आनंद विहार से चलाई जाएगी। यह मुरादाबाद, बरेली होते हुए सुबह 4.20 बजे लखनऊ पहुंचेगी। यहां से गोंडा, बस्ती, गोरखपुर होते हुए दोपहर 1.30 बजे छपरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 04087 छपरा-आनंद विहार नौ नवंबर को छपरा से रात 11.25 बजे चलेगी। ट्रेन सीवान, देवरिया, गोरखपुर होते हुए सुबह 8.40 बजे लखनऊ पहुंचेगी। यहां से मुरादाबाद, बरेली होते हुए रात 7 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।