विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ से लापता सपा प्रवक्ता मनोज यादव बाराबंकी में गिरफ्तार, पत्नी ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

Published: Fri, 13 Feb 2026 01:00 PM (IST)

सपा प्रवक्ता मनोज यादव 12 फरवरी को तिलक कार्यक्रम में जाने की बात कहकर घर से निकले थे, जिसके बाद ...और पढ़ें

HighLights

  1. सपा प्रवक्ता मनोज यादव 12 फरवरी को लापता हुए।

  2. पत्नी ने गोमती नगर विस्तार थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

  3. बाराबंकी पुलिस ने एक मुकदमे में गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। सपा प्रवक्ता मनोज यादव 12 फरवरी की शाम घर से एक तिलक कार्यक्रम में जाने की बात कहकर निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं आए तो पत्नी प्रभा ने गोमती नगर विस्तार थाने में शुक्रवार की सुबह गुमशुदगी दर्ज कराई थी। छानबीन में पता चला कि बाराबंकी पुलिस ने एक मुकदमे में उन्हें गिरफ्तार किया है। 

पत्नी ने तहरीर में बताया कि मनोज शाम को घर से काकोरी में चचेरी बहन के तिलक और दो अन्य शादियों में जाने की बात कहकर कार से गए थे। देर रात तक वापस नहीं लौटे तो कई बार कॉल की गई, लेकिन जवाब नहीं मिला। खोजबीन पर पता नहीं चला तो सुबह गुमशुदगी दर्ज कराई।

Letter

प्रभा द्वारा दर्ज कराई गई गुमशुदगी की कॉपी।

गोमती नगर विस्तार थाने के इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की गई तो बाराबंकी के सफदरगंज में एक मुकदमे में उनकी गिरफ्तारी की जानकारी मिली है। आज पुलिस उन्हें बाराबंकी कोर्ट में पेश करेगी।

महिला ने दर्ज कराया था मामला

जानकारी के मुताबिक, सफदरगंज के भगोलापुरवा के मूल निवासी सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव वर्तमान में लखनऊ में परिवार के साथ रहते हैं। उनके खिलाफ 11 फरवरी को उसी गांव की रहने वाली कलावती ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने व जान से मारने की धमकी देने की शिकायत पुलिस से की थी।

कलावती का आरोप है कि उसके पुत्र को भी लगातार धमकी दी जा रही है। कलावती ने इससे पहले वर्ष 2004 में भी मनोज के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया था। इस पुराने मामले को लेकर 11 फरवरी को विवाद हुआ था।

शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तारी करते हुए बड़ागांव सीएचसी में उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपित के खिलाफ शिकायत पर जांच की गई। जांच सही मिलने पर कार्रवाई की गई।