अखिलेश यादव यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के 51-51 टॉपर परीक्षार्थियों को देंगे लैपटॉप
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी नौजवानों की प्रगति और सम्मान के लिए सदैव प्रयासशील रही है।
लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2020 में सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में शीर्ष स्थान पाने वाले 51-51 छात्र-छात्राओं को लैपटाॅप देने का एलान किया है। इसके साथ ही आजमगढ़ जिले के 50 सफल छात्र-छात्राओं को भी लैपटाॅप दिए जाएंगे।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि यूं तो सभी छात्र-छात्राओं ने परिश्रम से सफलता हासिल की है, लेकिन उसमें भी उत्तर प्रदेश में 10वीं की परीक्षा में टॉपर रिया जैन और 12वीं की परीक्षा में टापर अनुराग मलिक विशेष सराहना के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी नौजवानों की प्रगति और सम्मान के लिए सदैव प्रयासशील रही है। समाजवादी सरकार में कन्या विद्याधन और लैपटाॅप वितरण योजना से छात्र-छात्राओं के जीवन में आगे बढ़ने के रास्ते खुले थे। नौजवानों के सपनों को साकार करने में इन योजनाओं का बड़ा हाथ रहा है।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्तीर्ण हुए सभी विद्यार्थियों को बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ!— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) June 27, 2020
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी ने यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2020 परीक्षा में शीर्ष स्थान पाने वाले 51-51 छात्र-छात्राओं को लैपटाॅप देना तय किया है। इसके साथ ही आजमगढ़ जिले के 50 सफल छात्र-छात्राओं को भी लैपटाॅप दिए जाएंगे।