Move to Jagran APP

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- भाजपा की झूठी फसल में छल और प्रपंच का खाद-पानी

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपनी झूठ की फसल को लहलहाने में छल प्रपंच का खाद-पानी देकर समझती है कि जनता उसकी सच्चाई नहीं जान पाएगी। हकीकत में अब भारतीय जनता पार्टी की कोई चाल सफल होने वाली नही है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Thu, 08 Oct 2020 06:59 PM (IST)Updated: Thu, 08 Oct 2020 07:09 PM (IST)
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- भाजपा की झूठी फसल में छल और प्रपंच का खाद-पानी
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को जारी बयान में सरकार को घेरा।

लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपनी झूठ की फसल को लहलहाने में छल प्रपंच का खाद-पानी देकर समझती है कि जनता उसकी सच्चाई नहीं जान पाएगी। हकीकत में अब भारतीय जनता पार्टी की कोई चाल सफल होने वाली नही है। कानून व्यवस्था कायम रखने में भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह विफल है। भारतीय जनता पार्टी का एजेंडा विपक्षी जनप्रतिनिधियों एवं नेताओं का उत्पीड़न कर अपमानित करना है। भारतीय जनता पार्टी सत्ता का दुरुपयोग कर गरीबों की आवाज कुचलने और बदनाम करने में लगी है।

loksabha election banner

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री पहले बड़े बड़े वादे करते हैं और फिर उन्हें जुमला बताकर इज्जत पर पड़े दाग छुपा लेने में माहिर हैं। उन्होंने एक करोड़ श्रमिकों को रोजगार देने की घोषणा की थी, लेकिन आज भी अपनी रोजी-रोटी के लिए प्रवासी मजदूर प्रदेश से बाहर जाने को मजबूर हैं। गांव-शहर में रोजगार होता तो बुंदेलखंड से एक हजार मजदूर मुंबई जाने वाली पहली ट्रेन में क्यों सवार होते।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में व्यापारिक गतिविधियां शांत हैं। निवेश सम्मेलनों के नतीजे सामने नहीं आ रहे हैं। नए उद्योग लग नहीं रहे हैं, पुराने बंद होते जा रहे हैं। मुख्यमंत्री यह नहीं बताते कि प्रदेश में कौन उद्योग लगे हैं, किन बैंकों ने किन उद्यमियों को कर्ज दिया है और किस उद्योग में किस-किस श्रेणी के कर्मचारियों की भर्ती हुई है। अच्छा हो राज्य सरकार इस संबंध में एक श्वेत पत्र ले आए।

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार ने गन्ना किसानों को अब तक धोखा देने के अलावा कुछ नहीं किया। 14 दिनों के अंदर गन्ना भुगतान का वादा पूरा नहीं किया। उदाहरण के तौर पर अंबेडकर नगर में 600 किसानों का 27 करोड़ रुपया बकाया है। बदायूं में गन्ना किसानों का 63 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान नहीं हुआ है। पूरे प्रदेश में लगभग 20 हजार करोड़ रुपये गन्ना किसानों का बकाया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.