यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 24, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP News: सपा नेता मुकेश श्रीवास्तव आय से अधिक संपत्ति के दोषी, विजिलेंस की खुली जांच में इनकम से 67 लाख रुपए अधिक खर्च करने की पुष्टि
शासन ने वर्ष 2021 में पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव के विरुद्ध विजिलेंस की खुली जांच का निर्देश दिया था। विजिलेंस ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सपा नेता मुकेश कुमार श्रीवास्तव की मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं। बहुचर्चित एनआरएचएम घोटाले में आरोपित मुकेश श्रीवास्तव विजिलस की खुली जांच में आय से 59.74 प्रतिशत अधिक धन खर्च करने के दोषी पाए गए हैं। विजिलेंस ने बहराइच की पयागपुर सीट से कांग्रेस के विधायक रह चुके मुकेश श्रीवास्तव के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मुकेश श्रीवास्तव वर्ष 2017 में कांग्रेस छाेड़कर सपा में शामिल हो गए थे। वह वर्ष 2017 व वर्ष 2022 में सपा के टिकट पर बहराइच से विधानसभा चुनाव लड़े थे और उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
शासन ने वर्ष 2021 में पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव के विरुद्ध विजिलेंस की खुली जांच का निर्देश दिया था। विजिलेंस के लखनऊ सेक्टर की टीम ने जांच की थी, जिसमें वह दोषी पाए गए। विजिलेंस ने अपनी जांच रिपोर्ट 12 अक्टूबर, 2022 को शासन को सौंपी थी, जिसमें सामने आया कि निर्धारित अवधि के दौरान मुकेश श्रीवास्तव की सभी वैध स्रोतों से 1.12 करोड़ रुपये से अधिक आय हुई थी। जबकि इसी निर्धारित अवधि में उन्होंने चल-अचल संपत्तियों तथा भरण-पोषण में लगभग 1.80 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किया।
मुकेश श्रीवास्तव ने अपनी आय से 67 लाख से रुपये (59.74 प्रतिशत) अधिक खर्च किया और इस बारे में वह जांच एजेंसी को कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके। शासन की अनुमति पर विजिलेंस के निरीक्षक आलोक कुमार राय की ओर से भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराकर विवेचना शुरू की गई है। मुकेश श्रीवास्तव व उनकी पत्नी पूजा श्रीवास्तव बहुचर्चित एनआरएचएम घोटाले में भी आरोपी रहे हैं और दंपती को जेल भी जाना पड़ा था। मुकेश श्रीवास्तव के विरुद्ध अलग-अलग लगभग नौ मुकदमे दर्ज हैं।
