विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 02, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जनता पर बोझ बन चुके सपा सरकार के मुख्यमंत्री इस्तीफा दें: केशव मौर्य

By Nawal MishraEdited By:
Published: Sun, 02 Oct 2016 08:32 PM (IST)Updated: Sun, 02 Oct 2016 08:43 PM (IST)

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सपा सरकार जनता के लिए बोझ बन चुकी है। उसके मुखिया अखिलेश यादव को इस्तीफा दे देना चाहिए।

News Article Hero Image

लखनऊ (राज्य ब्यूरो)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव सरकार अब जनता के लिए बोझ बन चुकी है। उसके मुखिया अखिलेश यादव को इस्तीफा दे देना चाहिए। आज उनकी मौजूदगी में भाजपा ने बसपा के दो और सपा के एक विधायक को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया। प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्या ने तीन विधायकों को भाजपा की सदस्यता दिलाई और इन तीनों ने भाजपा को मजबूत करने का वादा किया है। समाजवादी पार्टी में दलाली करने वालों में जगह नहीं : शिवपाल

आज भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने हरदोई के सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र की बसपा विधायक रजनी तिवारी और इसी जिले के बिलग्र्राम-मल्लावां विधानसभा सीट से विधायक ब्रजेश कुमार को भाजपा में शामिल करने का एलान किया। इसके अलावा सपा के विधायक डॉ. अजय कुमार पासी ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। तीनों विधायकों के अलावा पूर्व विधायक व बसपा नेता राकेश गोस्वामी भी भाजपा के साथ हो लिए हैं।

चुनावी साल में बसपा, सपा के तीन विधायकों को भाजपा में शामिल करने की घोषणा करने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्य ने अखिलेश यादव सरकार पर निशाना साधते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की। कहा कि गायत्री प्रजापति को मंत्रिमंडल में वापस लेकर मुख्यमंत्री ने यह साफ कर दिया है कि वह भ्रष्टाचार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर सकते हैं। पहले प्रदेश में पांच मुख्यमंत्री कहे जाते थे, इस समय तो 50 मुख्यमंत्री होना प्रतीत हो रहा है। सपा सरकार जनता पर बोझ हो गई है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की किसान यात्रा पर भी निशाना साधा और कहा कि राहुल किसानों का कर्जा माफ करने की बात कर रहे हैं लेकिन जहां उनकी सरकारें हैं, क्या वहां कर्ज माफ किया गया है। कहा कि भाजपा ने दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को गरीब कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का फैसला किया है।

देश और पाक प्रेम में संघर्ष

केशव मौर्या ने कहा कि इस समय भारत में देश प्रेम और पाक के बीच संघर्ष चल रहा है। चाहे वह कलाकार हों या फिर कुछ और हों देश की भावना से खिलवाड़ न करें।

ब्रजेश पहले ही बसपा से निष्कासित

दो विधायकों के भाजपा में शामिल होने की खबर के फौरन बाद बसपा के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सदस्य सतीश मिश्र ने कहा कि विधायक ब्रजेश वर्मा को जुलाई, 2016 में ही पार्टी से निकाला जा चुका है। पूर्व विधायक आरके गोस्वामी वर्ष 2014 में ही पार्टी से निकाले जा चुके हैं और विधायक रजनी तिवारी का टिकट काटा चुका है। पार्टी ने रजनी तिवारी का टिकट कार्यकर्ताओं की नाराजगी और उनके विरोध पर काटा गया है। जनता और विधायक बसपा के साथ एकजुट है।

पहले भी बसपा विधायकों ने छोड़ी पार्टी

इससे पहले बसपा के दिग्गज नेताओं ने पार्टी से नाता तोड़कर भाजपा का दामन थामा था, जिनमें स्वामी प्रसाद मौर्या व जुगुल किशोर और मायावती के करीबी माने जाने वाले बृजेश पाठक भाजपा में शामिल हो चुके हैं।