हरदोई : सपा जिला महासचिव की चार करोड़ 64 लाख की संपत्ति कुर्क, गैंगस्टर एक्ट के आरोपी हैं वीरेंद्र सिंह यादव
हरदोई में भू-माफिया में दर्ज गैंगस्टर के आरोपी समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव वीरेंद्र सिंह यादव उर्फ बीरे यादव की चार करोड़ 64 लाख की संपत्ति कुर्क की गई है। अरवल थाना क्षेत्र के बगदादपुरवा निवासी वीरे यादव का पूर्व में आपराधिक इतिहास भी रहा है।
हरदोई, जेएनएन। भू-माफिया में दर्ज गैंगस्टर के आरोपी समाजवादी पार्टी के जिला महासचिव वीरेंद्र सिंह यादव उर्फ बीरे यादव की चार करोड़ 64 लाख की संपत्ति कुर्क की गई है।
अरवल थाना क्षेत्र के बगदादपुरवा निवासी वीरे यादव का पूर्व में आपराधिक इतिहास भी रहा। उनके ऊपर भू-माफिया की कार्रवाई की गई थी और पुलिस की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी के आदेश पर गुरुवार को उनकी संपत्ति कुर्क की गई है। कुर्क की गई संपत्ति में तीन मकान, एक इंटर कॉलेज, 19 दुकान और 21अन्य संपत्तियां शामिल हैं। एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि शासन के निर्देश पर माफिया के खिलाफ चल रहे कार्रवाई के अभियान में संपत्ति कुर्क की गई है। अन्य माफिया की भी सूची तैयार है और उनकी संपत्ति भी कुर्क होगी। सपा महासचिव पर हुई कार्रवाई का सपाइयों ने विरोध करते हुए इसे रंजिशन कार्रवाई बताया है। सपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि जिन मामलों में कार्रवाई हुई है, वह राजनीतिक हैं और न्यायालय में विचाराधीन भी हैं।