GOOD NEWS: लखनऊ और आगरा में खुलेंगे 31 नए CNG पंप
लखनऊ और पर्यटन शहर आगरा में जल्द ही 31 नए पंपों पर सीएनजी सुविधा मिलेगी।
लखनऊ [राजीव बाजपेयी]। प्रदूषण रहित और सस्ते ईंधन से अधिक से अधिक वाहनों को दौड़ाने की दिशा में अब तेजी दिख रही है। इसके तहत राजधानी लखनऊ और पर्यटन शहर आगरा में जल्द ही 31 नए पंपों पर सीएनजी सुविधा मिलने लगेगी। आईओसी ने पंपों को हरी झंडी दिखा दी है और इसी वित्तीय वर्ष में सभी पंपों का संचालन शुरू हो जाएगा।
पेट्रोल-डीजल से संचालित वाहनों से लगातार खतरनाक हो रही आबोहवा लोगों की सेहत खराब कर रही है। लखनऊ और आगरा दोनों ही शहरों में वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। पेट्रोलियम मंत्रलय की पहल पर इंडियन ऑयल ने बड़े शहरों में सीएनजी के विस्तार को लेकर तेजी से काम करना शुरू कर दिया है। इंडियन ऑयल का टारगेट इस वित्तीय वर्ष में दोनों शहरों में 31 नए पंपों पर सीएनजी सुविधा देना का है। इसके तहत लखनऊ में बीस और आगरा में 11 नए सीएनजी पंप संचालित होने लगेंगे।
इंडियन ऑयल के जरनल मैनेजर अमिकेत सिंह के मुताबिक लक्ष्य साफ है। जल्द से जल्द सीएनजी पंप शुरू कर दिए जाएंगे। सर्वे हो रहा है। जहां सीएनजी की किल्लत होगी, उन इलाकों को चिह्न्ति कर पहले से संचालित पेट्रोल पंपों पर सीएनजी की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके लिए अलग से इंफ्रास्ट्रक्चर और नए सिरे से डीलरशिप लेने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।
लखनऊ में चालीस हजार से अधिक वाहन: राजधानी में सीएनजी की खपत लगातार बढ़ रही है। लखनऊ में सीएनजी वाहनों की संख्या अब करीब चालीस हजार पार कर गई है। यहां रोजाना करीब 1.25 लाख किलो सीएनजी की खपत है। अब तक यहां पर 25 पंप तैयार हैं, जिनमें से 21 पंप संचालित हो रहे हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप