यूपी फिल्म सिटी पर सिद्धार्थनाथ सिंह बोले- नवाब मलिक की सोच ही उल्टी, अपने दिमाग का इलाज कराएं
उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री व एनसीपी नेता नवाब मालिक की सोच ही उल्टी है। उनको उत्तर प्रदेश फिल्म सिटी पर कुछ बोलने के पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उस संबोधन को जरूर पढ़ना चाहिए।
लखनऊ, जेएनएन। महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री व एनसीपी नेता नवाब मालिक की सोच ही उल्टी है। उनको उत्तर प्रदेश फिल्म सिटी पर कुछ बोलने के पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उस संबोधन को जरूर पढ़ना चाहिए, जो उन्होंने दिसंबर, 2020 में अपनी मुंबई यात्रा के दौरान दिया था। इसके बावजूद भी अगर नवाब मलिक को कोई वहम है तो वह अपने दिमाग का इलाज कराएं। ये बातें उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कही।
यूपी सरकार के मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि उस समय सीएम योगी ने कहा था कि 'हम नोएडा में सिर्फ उत्तर प्रदेश के लिए नहीं पूरी दुनिया के लिए फिल्म सिटी बनाने जा रहे हैं । यह फिल्म सिटी आपकी होगी। आपकी जरूरतों के अनुसार होगी। आप सुझाव दें। उसीके अनुसार मैं अपने वादे के अनुसार नोएडा में देश ही नहीं दुनिया की सबसे खूबसूरत फिल्म सिटी बनाने को प्रतिबद्ध हूं।
इस अवसर पर मौजूदा बालीवुड की नामचीन हस्तियों के सामने सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि फिल्म इंडस्ट्री के लिए उत्तर प्रदेश में सारी जरूरी चीजें हैं। विंध्य इलाके में प्रकृति का अनुपम सौंदर्य, संस्कृति और इतिहास की सम्पन्न विरासत समेटे बुंदेलखंड, भगवान श्रीराम की अयोध्या के अलावा और भी बहुत कुछ।
हम जिस जगह फिल्म सिटी बनाने जा रहे हैं, वह जगह तो दिल्ली से लगे। भगवान कृष्ण की मथुरा, वृंदावन मात्र आधे घंटे और आगरा सिर्फ एक घंटे की दूरी पर है। कनेक्टिविटी और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी बेहतरीन हैं।
रही माहौल की बात तो हम तो राम को मानते हैं। परंपरा के अनुसार राम-राम कहकर सज्जनों का स्वागत करते हैं। दुर्जनों के लिए एक ही शब्द है राम नाम सत्य का। सीएम योगी ने कहा था कि विकास हमारी प्रतिबद्धता है। विकास आएगा तो बाकी चीजें अपने आप आएगी। लोगों का डर एवं असमंजस दूर हो जाएगा। उत्तर प्रदेश में यह सब हो रहा है। आप आइए आपका स्वागत है। इसके बावजूद भी अगर नवाब मलिक को कोई वहम है तो वह अपने दिमाग का इलाज कराएं।