विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में अवैध पिस्टल का भौकाल पड़ा भारी, कनपटी पर गोली लगने से पुजारी की मौत

Published: Wed, 16 Sep 2026 12:48 PM (IST)

Lucknow Crime News: चचेरे भाई शिवा यादव ने बताया कि नशे की हालत में यशार्थ पत्नी से कहने लगा आज बताता हूं भौकाल कैसे दिखाया जाता है।

यशार्थ शरण यादव - फाइल फोटो

यशार्थ शरण यादव - फाइल फोटो

HighLights

  1. नशे में पत्नी को रौब दिखा रहा था, चैंबर में फंसी गोली ने ले ली जान

  2. चार वर्ष पहले हुआ था विवाह, अवैध पिस्टल जांच का विषय

संवाद सूत्र, लखनऊ। गोसाईंगंज में अवैध हथियार का शौक एक 29 वर्षीय युवक के लिए जानलेवा साबित हो गया। सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के महिपाल खेड़ा में मंगलवार देर रात पत्नी के सामने पिस्टल का भौकाल दिखाने के चक्कर में चैंबर में फंसी गोली चलने से युवक यशार्थ शरण यादव की दर्दनाक मौत हो गई।

हनुमान मंदिर, अर्जुनगंज में पूजा-पाठ करने वाले यशार्थ शरण यादव पुत्र शिव शरण यादव की विवाह चार वर्ष पहले निलमथा की ज्योति सिंह यादव से हुआ थी। परिवार के लोगों के अनुसार यशार्थ मंगलवार रात शराब के नशे में घर लौटा था। उस समय घर में पत्नी ज्योति जाग रही थीं जबकि बाकी सब सो चुके थे। चचेरे भाई शिवा यादव ने बताया कि नशे की हालत में यशार्थ पत्नी से कहने लगा आज बताता हूं भौकाल कैसे दिखाया जाता है।

बताया जा रहा है कि वह उसी दिन कहीं से एक अवैध पिस्टल लेकर आया था। इसी दौरान वह पिस्टल को कनपटी पर सटाकर पत्नी को दिखाने लगा। इस दौरान पिस्टल से मैगजीन अचानक नीचे गिर गई। युवक बोला मैगजीन निकल गई है अब कुछ नहीं होगा। यह कहते हुए उसने ट्रिगर दबा दिया, लेकिन चैंबर में एक कारतूस फंसा रह गया था।

गोली सीधे उसकी कनपटी में लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर माता-पिता चाचा-चाची समेत सभी परिजन जाग गए। परिवार के लोग उसे आनन-फानन में सिविल हॉस्पिटल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार के मुताबिक वह धार्मिक प्रवृत्ति का था ऐसे में उसके पास अवैध पिस्टल कहां से आई यह पुलिस के लिए भी जांच का विषय बना हुआ है। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने बताया कि मृतक नशे में था और अवैध पिस्टल लेकर आया था। सूचना पर फॉरेंसिक टीम व फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया।

घटनास्थल से अवैध पिस्टल और एक खोखा कारतूस बरामद कर कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इसके साथ ही अवैध पिस्टल कहां से आई और किसने उपलब्ध कराई इसकी गहनता से जांच की जा रही है।

सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईगंज ऋषभ यादव ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि यशार्थ किसी पार्टी में गया था, वहीं से पिस्टल लेकर आया। वह कहां गया था और उसे पिस्टल किसने दी इसकी जांच की जा रही है।