कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं शिवपाल यादव, साथी दलों की बैठक में दिए संकेत
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को इस बात के स्पष्ट संकेत दिए कि वह लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर सकते हैं।
लखनऊ, जेएनएन। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को इस बात के स्पष्ट संकेत दिए कि वह लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो सेक्युलर दल हैं, उनके साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। इसमें कांग्रेस भी शामिल हैं। वहीं प्रसपा के सहयोगी दल राष्ट्रीय क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेताओं से बातचीत भी चल रही है।
शिवपाल ने पार्टी कार्यालय में रविवार को अपने सहयोगी दलों के पदाधिकारियों के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अखिलेश के साथ हा मायावती पर भी निशाना साधा। कहा, मैंने कभी पद नहीं मांगा। 2003 में हम मुख्यमंत्री बन सकते थे। हम चाहते तो 2012 में भी सीएम बन सकते थे। सारे के सारे विधायक हमारे पक्ष में थे लेकिन पद कोई बड़ी चीज नहीं होती। कह सकते हैं कि मेरे साथ धोखा हुआ। उन्होंने कहा कि बुआ-भतीजे एक हो गए हैं। मायावती तो किसी से भी मिल सकती हैं, उन्हें बस थोड़ा लालच दे दो।
शिवपाल ने भाजपा को भी निशाने पर लिया कि उसने गरीबों, किसानों नौजवानों की अनदेखी की। एक भी वादा पूरा नहीं किया। अब हमारी कोशिश सत्ता परिवर्तन की होगी। इसके बाद हम व्यवस्था परिवर्तन करेंगे। बैठक में राष्ट्रीय क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा कि पूर्व में हम लोगों के साथ 45 दल थे जिनकी संख्या आज बढ़ कर 60 हो गई। अब प्रदेश के विधानसभा चुनाव में परिवर्तन अवश्य होगा। बैठक में भारतीय किसान परिवर्तन पार्टी के अध्यक्ष उपेंद्र सिंह राजपूत, पिछड़ा जन समाज मोर्चा के अध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता समेत 64 छोटे दलों के अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।