अखिलेश यादव को उनके गढ़ में हराकर जीत हासिल करेगा समाजवादी सेक्युलर मोर्चा
समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल सिंह यादव का सियासी कारवां लगातार बढ़ता जा रहा है। आदित्य यादव ने अखिलेश को उनके गढ़ में हराकर जीत हासिल करने का लक्ष्य रखा है।
लखनऊ (जेएनएन)। समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के संयोजक शिवपाल सिंह यादव का सियासी कारवां लगातार बढ़ता जा रहा है। वह कदम दर कदम अपने मोर्चा को मजबूत करते जा रहे हैं। बड़ी संख्या में छोटे-छोटे मोर्चों को अपने साथ लेकर चल रहे शिवपाल दो दिन बाद एक और संगठन के सम्मेलन में जनसमूह को संबोधित करेंगे।उल्लेखनीय है कि सात अक्टूबर को शिवपाल ने गोरखपुर में बहुजन क्रांति मोर्चा के तत्वावधान में आयोजित परिर्वतन यात्रा में शामिल थे। जिसेे फूलन सेना, पूर्वाचल सेना, भारतीय मुस्लिम मोर्चा समेत कई संगठनों का साथ मिला था। उधर शिवपाल यादव के पुत्र आदित्य यादव ने अखिलेश यादव को उनके गढ़ में हराकर जीत हासिल करने का लक्ष्य तय किया है।
13 अक्टूबर को राक्रांसपा का सम्मेलन
इसी क्रम में मोर्चा राजनीति को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी (राक्रांसपा) का 15वां स्थापना दिवस समारोह 13 अक्टूबर वह फिर एक नए संगठन के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेंगे। राक्रांसपा महासचिव नेहा राय ने बताया कि शनिवार को लखनऊ में राजभवन के सामने विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित किया गया है। राक्रांसपा सम्मेलन में 24 राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया गया है। इस सम्मेलन की अध्यक्षता राक्रांसपा के अध्यक्ष गोपाल राय करेंगे।
शिवपाल यादव के पुत्र ने कहा अखिलेश को हराएंगे
समाजवादी सेक्युलर मोर्चा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के गढ़ कन्नौज में मजबूत प्रत्याशी उतारकर जीत हासिल करेगा। मोर्चा सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के संसदीय क्षेत्रों को छोड़ प्रदेश में हर जगह चुनाव लड़ेगा। प्रादेशिक कोआपरेटिव फेडरेशन (पीसीएफ) के अध्यक्ष और सेक्युलर मोर्चा संयोजक शिवपाल सिंह यादव के पुत्र आदित्य यादव बुधवार को सैफई से लखनऊ जाते वक्त आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर विशिष्ट मंडी कट पर रुके। यहां उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को हराकर उनके गढ़ में जीत का परचम लहराना है। दीपावली से पहले ही कन्नौज के प्रत्याशी का नाम घोषित कर दिया जाएगा।