विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शाइन सिटी की कोर मार्केटिंग टीम का सदस्य अतुल गिरफ्तार, कोर्ट ने जारी किया था गैर जमानती वारंट

Published: Tue, 03 Feb 2026 08:35 PM (GMT+05:30)

निवेशकों का कई सौ करोड़ रुपये का घोटाला करने वाली शाइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड की कोर मार्केटिंग टीम ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। निवेशकों का कई सौ करोड़ रुपये का घोटाला करने वाली शाइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड की कोर मार्केटिंग टीम के सदस्य अतुल सिंह को आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्लू) ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट (एनबीडब्लू) जारी किया था। मूल रूप से बाराबंकी निवासी अतुल को ईओडब्लू की क्रैक टीम ने गिरफ्तार किया। सोमवार को कंपनी की एचआर प्रीति सिंह को भी गिरफ्तार किया गया था।

ईओडब्लू से मिली जानकारी के अनुसार अतुल सिंह शाइन सिटी के आर स्क्वायर विपुल खंड स्थित आफिस में प्रापर्टी बेचने का काम करवाता था। जिसमें प्रलोभनकारी योजनाओं में निवेशकों को बहला फुसलाकर कर निवेश कराया जाता था। वह जिस कोर मार्केटिंग टीम का सदस्य था, उसे बाहुबली टीम नाम दिया गया था। अतुल वर्तमान समय में भी लोगों को प्रलोभनकारी योजनाओं के माध्यम से गुमराह कर निवेश करा रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना पता और ठिकाना बदल-बदल रहा था। ईओडब्लू ने उसे गुडंबा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इन दिनों वह गुडंबा के स्मिथ अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर 1204 में रह रहा था।

गौरतलब है कि शाइन सिटी ने कई जिलों में सस्ते भूखंड और कई अन्य योजनाओं में लोगों का करोड़ों रुपये निवेश कराया था, लेकिन उन्हें न तो भूखंड दिया गया और न ही उनकी धनराशि वापस की गई। कंपनी के निदेशक और पदाधिकारी कार्यालय बंद कर फरार हो गए थे। घोटाले का मास्टर माइंड राशिद नदीम अभी भी फरार है। उसके दुबई में होने की बात कही जा रही है। ईडी ने उसकी करोड़ों की प्रापर्टी अटैच की हुई है।

यह भी पढ़ें- 'कार्याें में लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई' जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विभागीय बैठक में दी चेतावनी