विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्व BJP विधायक का सपा प्रमुख पर गंभीर आरोप, संगीत सोम बोले-मेरी हत्या करवाना चाहते थे अखिलेश यादव

Published: Sat, 24 Oct 2026 02:28 PM (IST)

Sangeet Som: मेरठ के सरधना से विधायक रहे संगीत सोम सपा सरकार में हुए मुजफ्फरनगर दंगे को लेकर भी अखिलेश यादव पर हमलावर रहे हैं।

HighLights

  1. संगीत सोम का बड़ा आरोप, टीटू यादव के जरिए हत्या करवाना चाहते थे अखिलेश

  2. दावा-अखिलेश ने रची थी मेरी हत्या की साजिश, लेकिन कामयाब नहीं हुए

राज्य ब्यूरो, लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी के नेता पूर्व विधायक संगीत सिंह सोम ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर बड़ा आरोप लगाया है। एक पॉडकास्ट में संगीत सोम ने दावा किया कि अखिलेश यादव उनकी हत्या करवाना चाहते थे, लेकिन इसमें नाकाम रहे।

संगीत सोम ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि अखिलेश यादव टीटू यादव के जरिए उनकी हत्या करवाने की तैयारी में थे, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके। यह पहला मौका नहीं है, जब संगीत सोम ने अखिलेश यादव पर आरोप लगाए हों। अभी कुछ दिन पहले भी उन्होंने कहा था कि अखिलेश यादव ने सरकार में रहते हुए उनके और कई अन्य नेताओं के खिलाफ गंभीर मुकदमे दर्ज कराए थे।

मेरठ के सरधना से विधायक रहे संगीत सोम सपा सरकार में हुए मुजफ्फरनगर दंगे को लेकर भी अखिलेश यादव पर हमलावर रहे हैं। उनका आरोप है कि अखिलेश यादव के इशारे पर ही पश्चिमी यूपी में हिंदुओं की हत्याएं हुईं।

संगीत सोम का कहना है कि अखिलेश यादव को किसी पर भरोसा नहीं है। वो अपने परिवार के लोगों पर भी भरोसा नहीं करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि अखिलेश यादव अपने तो चाचा रामगोपाल यादव पर भी सर्विलांस रखते हैं। शिवपाल यादव के साथ अखिलेश के रिश्तों की तल्खी जगजाहिर है।