लोहिया संस्थान में महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ के मामले में सीनियर रेजीडेंट निलंबित
लोहिया संस्थान में महिला डॉक्टर के साथ छेड़छाड़ के मामले में संस्थान प्रशासन ने सीनियर रेजीडेंट को निलंबित कर जांच बैठाई।
लखनऊ, जेएनएन। लोहिया संस्थान में जूनियर से अभद्रता करने के मामले में एनस्थीसिया विभाग के सीनियर रेजीडेंट को निलंबित कर दिया गया है। संस्थान ने मामले की जांच आंतरिक कमेटी को सौंप दी है।
संस्थान की जूनियर रेजीडेंट ने सीनियर पर अभद्रता का आरोप लगा कर विभूतिखंड थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि डॉक्टर केबिन में जबरदस्ती घुस गया था। विरोध करने पर आरोपित ने डॉक्टर के साथ छेड़छाड़ की। महिला डॉक्टर के पति ने विभूतिखंड थाने में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी। लोहिया संस्थान के प्रवक्ता डॉ. श्रीकेश सिंह के मुताबिक, मामले की जांच कराई जा रही है। साथ ही संस्थान की विशाखा कमेटी भी मामले की जांच कर रही है। फिलहाल, आरोपित एनस्थीसिया विभाग के रेजीडेंट को निलंबित कर दिया गया है।
यह है मामला
बीते सात जुलाई को आरोपित डॉक्टर जबरन महिला डॉक्टर के केबिन में घुस गया था। विरोध करने पर आरोपित ने महिला डॉक्टर के साथ छेड़छाड़ की। इस दौरान निजी अस्पताल में तैनात महिला के चिकित्सक पति भी वहां पहुंच गए, जिसके बाद अस्पताल परिसर में काफी हंगामा हुआ। बाद में स्टाफ के लोगों ने मामले को किसी तरह शांत कराया। सोमवार सुबह विभूतिखंड पुलिस लोहिया अस्पताल पहुंची और मामले की छानबीन की। बताया गया कि सोमवार को भी महिला के पति और आरोपित में विवाद हुआ था। इंस्पेक्टर विभूतिखंड श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि कई बिंदुओं पर मामले की छानबीन की जा रही है। सीसी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।