एसडीएम कोर्ट का वकीलों ने किया बेमियादी बहिष्कार
अंबेडकरनगर उप जिलाधिकारी अकबरपुर और तहसील के वकीलों में कामकाज को लेकर खींचतान
अंबेडकरनगर : उप जिलाधिकारी अकबरपुर और तहसील के वकीलों में कामकाज को लेकर खींचतान बढ़ गई है। बार एसोसिएशन की बैठक में वकीलों ने एसडीएम न्यायालय का अनिश्चितकालीन बहिष्कार का निर्णय लिया है। सचिव अनिल सिंह ने इसकी सूचना एसडीएम को देते हुए वकीलों को भी अवगत करा दिया है।
वकीलों का आरोप है कि उप जिलाधिकारी अधिकतम शाम को साढ़े चार बजे तक न्यायिक कार्य करते हैं। ऐसे में वादों की सुनवाई के लिए अगली तिथि विलंब से दी जाती है। इससे इतर वादों के निस्तारण में अनावश्यक तमाम अभिलेख मांगे जाते हैं। इससे कार्य करने में कठिनाई होती है। वकीलों के साथ वादी और प्रतिवादी परेशान भी होते हैं। उप जिलाधिकारी मोइनुल इस्लाम ने बताया कि वकीलों की हड़ताल नहीं होने से न्यायिक प्रक्रिया निर्बाध चल रही थी। कुछ वकीलों ने पहुंचकर न्यायिक कार्य स्थगित करने को कहा। इसे नहीं रोका गया तो वकीलों ने नाराजगी जाहिर की। इसके अलावा न्यायिक कार्य में साक्ष्य के तौर पर आवश्यक अभिलेखों को प्रस्तुत करना अनिवार्य है। इसलिए अभिलेखों की मांग की जाती है। वकीलों के कार्य बहिष्कार का पत्र मिला है। उधर हड़ताल से वादी-प्रतिवादी मायूस होकर घर लौट गए। 127 शिकातयों में महज 22 का निस्तारण अंबेडकरनगर: सभी थानों पर समाधान दिवस का आयोजन किया गया। बेवाना, सम्मनपुर, बसखारी, अलीगंज, जैतपुर, आलापुर, जहांगीरगंज, राजेसुल्तानपुर, मालीपुर में एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। सभी थानों में कुल 127 शिकायतें मिलीं, इसमें 22 का मौके पर निस्तारण कराया गया।
शनिवार को समाधान दिवस की हकीकत परखने के लिए पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने महरुआ थाने का निरीक्षण किया। यहां महिला हेल्पडेस्क पर आई शिकायतों के निस्तारण के बारे में जानकारी ली। थाने का आगंतुक रजिस्टर, एफआइआर रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, मालखाना, बैरिक आदि की जांच की। महिला हेल्पडेस्क पर रजिस्टर में काम पूरा न होने पर नाराजगी जताई। अकबरपुर कोतवाली में एसडीएम मोइनुल इस्लाम और सीओ सिटी ने फरियाद सुनी। यहां प्राप्त 12 शिकायतों में आठ राजस्व तथा चार पुलिस से संबंधित थी। राजस्व के दो मामलों का ही निस्तारण हो सका है।
मालीपुर: थाने पर तीन शिकायतें आईं, इसमें दो का मौके पर निस्तारण हुआ। मौके से थानाध्यक्ष विवेक वर्मा नदारद रहे। फरियाद उपनिरीक्षक जंगेश व राजस्व निरीक्षक संचित पांडेय ने सुनी।