लखनऊ में बाइक की मामूली टक्कर से नाराज कबाड़ी ने थाने के सामने दादा-पोते पर किया चाकू से हमला, बुजुर्ग की मौत
Lucknow Crime: मड़ियांव थाने के सामने फ्लाईओवर के नीचे उनकी बाइक की कबाड़ी से टक्कर हो गई। इसी बात को लेकर कबाड़ी से दादा-पोते की कहासुनी हो गई।

मदन बिहारी तिवारी केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में संकल्प
HighLights
राजधानी के मड़ियांव थाने के सामने बुजुर्ग की दिनदहाड़े हत्या से सनसनी
पोते को बचाने पहुंचे रिटायर्ड नगर निगम सुपरवाइजर चाकू से कई वार, ट्रामा सेंटर में तोड़ा दम
बाइक की ठेले से मामूली टक्कर के बाद कबाड़ी ने आपा खोया, चाकू से किया हमला
जागरण संवाददाता, लखनऊ। बिजली का बिल जमा करने निकले बुजुर्ग की मड़ियांव थाने के सामने शनिवार सुबह हत्या कर दी गई। बाइक से निकले पोते और बुजुर्ग पर कबाड़ी ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मदन बिहारी तिवारी (70 वर्षीय) ने केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया और पोते संकल्प की हालत गंभीर है। घटना के बाद आरोपित मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
मामूली टक्कर के बाद हुए विवाद में कबाड़ी ने दादा और पोते पर चाकू से हमला कर दिया। पहले उसने पोते पर चाकू से वार किया गया। उसे बचाने के लिए दादा आगे आए तो हमलावर ने उन पर भी कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल दादा-पोते को ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई, जबकि उनके पोते संकल्प की हालत गंभीर बनी हुई है।
मदन बिहारी तिवारी (70 वर्षीय) आनंद हास्पिटल के पीछे भरत नगर में परिवार के साथ रहते थे। नगर निगम से 2010 में सुपरवाइजर पद से सेवानिवृत्त तिवारी शनिवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने पोते संकल्प तिवारी के साथ बाइक से बिजली का बिल जमा करने निकले थे।
मड़ियांव थाने के सामने फ्लाईओवर के नीचे उनकी बाइक की एक कबाड़ी से टक्कर हो गई। इसी बात को लेकर कबाड़ी से दादा-पोते की कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कबाड़ी ने संकल्प पर चाकू से हमला कर दिया।
पोते पर हमला देख दादा बीच में आए
संकल्प को चाकू लगते देख मगन बिहारी उसे बचाने के लिए आगे बढ़े। आरोप है कि हमलावर ने उन पर भी चाकू से कई वार कर दिए। पेट और सीने में गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भेजा। चिकित्सकों ने मगन बिहारी को मृत घोषित कर दिया। संकल्प का गंभीर हालत में उपचार चल रहा है। घटना के बाद आरोपित मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
