Lucknow School Reopen: सात माह से स्कूलों में खाली पड़ी सीटों पर आज से बैंठेगे बच्चे, इन नियमों का करना होगा पालन
Lucknow School Reopening News Updats 19 अक्टूबर से शिक्षा बोर्ड के स्कूलों में कक्षा नौ से 12वीं तक की पढ़ाई शुरू होगी। दो पालियों में कक्षाएं संचालित की जाएंगी। प्रवेश और छुट्टी के समय करना होगा नियमों का पालन। एक साथ सभी विद्यार्थियों की छुट्टी नहीं की जाएगी।
लखनऊ, जेएनएन। Lucknow School Reopening News Updats: कोरोना वायरस महामारी के कारण मार्च में लगे लॉकडाउन के बाद से उत्तर प्रदेश के सभी स्कूलों के क्लासरूम में सात माह से खाली पड़ी बेंच पर सोमवार से बच्चे बैंठेगे। सभी शिक्षा बोर्ड के स्कूलों में कक्षा नौ से 12वीं तक की पढ़ाई शुरू होगी। स्कूल दो पालियों में सुबह 8.50 से दोपहर 3.20 बजे तक संचालित किये जाएंगे। स्कूल में प्रवेश और छुट्टी के समय गेट पर शारीरिक दूरी का पालन कराया जाएगा। एक साथ सभी विद्यार्थियों की छुट्टी नहीं की जाएगी। वहीं, कोविड-19 सुरक्षा के मद्देनजर शासन द्वारा जारी एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रॉसीजर) इन नियमों को सभी विद्यालय प्रबंधन और प्रिंसिपल को पालन कराना होगा।
ये हैं नियम
- पहली पाली की कक्षाएं सुबह 08:50 से 11:50 तक चलेंगी। बच्चों को विद्यालय 08:30 बजे पहुंचना होगा। जिसमें कक्षा नौ और 10 की कक्षाएं संचालित होंगी।
- दूसरी पाली में कक्षाएं दोपहर 12:20 से 03:20 तक चलेंगी। बच्चों को विद्यालय 12:00 बजे पहुंचना होगा। जिसमें कक्षा 11 और 12 की कक्षाएं चलेंगी।
- विद्यालय में मेडिकल रूम बना होना चाहिए। उसमें आवश्यक दवाइयां और प्राथमिक उपचार के लिए कर्मचारी की व्यवस्था होनी चाहिए।
- विद्यालय के प्रिंसिपल अपने आस-पास स्थित सीएचसी और पीएचसी के संपर्क में हों। किसी बच्चे को मेडिकल की आवश्यकता पड़ने पर तत्काल वहां इलाज के लिए भेजा जाए।
- शौचालय में हैंड वॉश, साबुन आदि की व्यवस्था होनी चाहिए।
- विद्यालय खुलने पर प्रतिदिन प्रत्येक पाली के उपरांत कक्ष का सैनिटाइजेशन होना चाहिए।
- ट्रेम्परेचर परीक्षण के बाद सैनिटाइजेशन करें, इसके बाद बच्चों को प्रवेश दें। मास्क लगाना अति आवश्यक है।
- खेल के मैदान को सैनिटाइज अवश्य किया जाए।
- विद्यालय में छुट्टी अथवा कक्षा समाप्त होने के बाद बच्चों का झुंड नहीं लगना चाहिए।
- खिड़ियां व दरवाजे खुले रखे जाएं।
- प्रवेश और छुट्टी के समय बच्चों को शारीरिक दूरी का पालन करते हुए गोले में खड़े होकर निकाला जाएगा।
- विद्यालय के वाहन से आते समय वाहन की झमता से आधे ही बच्चे उसमें बिठाए जाएं।
- प्रत्येक विद्यालय में जिला प्रशासन के इन्टीग्रेटेड कंट्रोल रूम का नंबर डिस्प्ले किया जाना चाहिए।
- यदि किसी विद्यालय में विद्यार्थी, शिक्षक अथवा किसी कर्मचारी को खासी, जुकाम या बुखार है तो उसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दें।
- ऑनलाइन कक्षाएं यथावत चलती रहेंगी। उन्हें बंद नहीं किया जाएगा।
- दो शिफ्टों में 50-50 फीसद बच्चों को बुलाकर नौ से 12 तक की कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
- लंच के समय बच्चे जब मास्क उतारें तो छह फीट की दूरी उनके बीच आवश्यक है। खाने-पीने की कोई सामग्री बच्चे एक दूसरे से शेयर न करें।