UP Sugarcane Farming: संजय भूसरेड्डी बोले- युवा किसानों को गन्ना खेती के माध्यम से उद्यमिता से जोड़ने पर जोर
यूपी सरकार युवा किसानों को गन्ना खेती के माध्यम से उद्यमिता से जोड़ने पर जोर दे रही है। सरकार का फोकस खेती के जरिए अधिक से अधिक रोजगार पैदा करने पर है। बता दें कि सरकार प्रदेश में कृषि के क्षेत्र में निवेश पर भी फोकस कर रही है।
लखनऊ, राज्य ब्यूरो। युवा किसानों को गन्ना की खेती के लिए प्रेरित करने के लिए प्रगतिशील युवा गन्ना किसान संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डालीबाग स्थित गन्ना आयुक्त कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से अपर मुख्य सचिव, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास संजय भूसरेड्डी सहारनपुर परिक्षेत्र के युवा गन्ना किसानों से जुड़े। उन्होंने कहा कि युवाओं को गन्ना की खेती के माध्यम से उद्यमिता से जोड़ने पर प्रदेश सरकार पूरा जोर दे रही है।
गन्ना किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का जोर
प्रति हेक्टेयर उपज बढ़ाने के लिए युवा किसानों को नवोन्मेषी प्रयोगों पर बल देना चाहिए। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभागीय योजनाओं के साथ-साथ उनका मार्गदर्शन भी किया जा रहा है और इसके अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। उत्पादकता पुरस्कारों के माध्यम से युवा गन्ना किसानों में प्रतियोगी भावना बढ़ाने पर बल दिया जा रहा है। ताकि युवाओं को गन्ना खेती में एक नई पहचान मिल सके। वर्तमान में युवा वर्ग खेती से विमुख होकर छोटे-मोटे रोजगार के लिए शहर की ओर पलायन कर रहे हैं। क्योंकि युवा वर्ग कृषि कार्य को सम्मानजनक महसूस नहीं करता है।
योगी सरकार की पहल से अब गन्ना खेती फायदे का सौदा
ऐसे में गन्ना विकास विभाग द्वारा युवाओं को सम्मानजनक रूप से गन्ना खेती से जोड़ने के लिए यह पहल की गई है। सहारनपुर के गन्ना किसान मोबीन वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और उन्होंने कहा कि अब एक फोन पर उन्हें योजनाओं का सीधा लाभ मिल जाता है। अमित विश्वकर्मा ने कहा कि योगी सरकार की पहल से अब गन्ना खेती फायदे का सौदा हो गई है। शामली के सूरज चौहान ने गन्ना रोग प्रबंधन से जुड़े अनुभव साझा किए। जल्द मेरठ परिक्षेत्र का संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।