सपा कार्यकर्ताओं की बैठकें आज से, प्रदेश में कराए गए विकास कार्यों का करेंगे गुणगान
महानगर इकाई भी 20 को निकालेगी केकेसी से 1090 तक पदयात्रा।
लखनऊ, जेएनएन। समाजवादी पार्टी अब पिछड़े वर्ग को साथ जोडऩे के लिए मुहिम चलाएगी। पार्टी की जिला इकाई समाजवादी विकास, विजन एवं सामाजिक न्याय कार्यक्रम के तहत शुक्रवार से पदयात्रा न करके बैठकें करेगी। पिछड़े वर्ग के 10-10 नेताओं की टीम बनाई गई है, जो हर गांव में लोगों को सपा सरकार के समय प्रदेश में कराए गए विकास कार्यों को गिनाएगी। उधर, महानगर इकाई भी इसी कार्यक्रम के तहत 20 जनवरी को केकेसी कॉलेज से 1090 चौराहा तक पदयात्रा निकालेगी।
सपा के जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने बताया कि सात से 17 जनवरी तक पदयात्राएं निकाली गईं। पदयात्रा के अंतिम दिन गुरुवार को सरोजनीनगर क्षेत्र के कैथी, माती सहित कई गांवों में जिला महासचिव राशिद अली, मीडिया प्रभारी रमेश सिंह रवि सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए। मलिहाबाद में राजबाला रावत और मोहनलालगंज में विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर पदयात्रा में शामिल हुए।
उधर, महानगर कार्यालय में आयोजित बैठक में नगर अध्यक्ष फाखिर सिद्दीकी और महासचिव सौरभ सिंह यादव ने कहा कि 20 जनवरी को विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन, समाजवादी शिक्षक महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मान सिंह, एमएलसी डॉ. राजपाल कश्यप पदयात्रा को केकेसी कॉलेज से झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह यात्रा हजरतगंज, कालीदास चौराहा होते हुए 1090 चौराहा पर समाप्त होगी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री रविदास मेहरोत्रा, पूर्व विधायक मो. रेहान नईम, महानगर सचिव गौरव सिंह यादव मौजूद थे।