Move to Jagran APP

सपा कार्यकर्ताओं का मन टटोल रहे अखिलेश, उपचुनाव की तैयारी में जुटने का दिया निर्देश

विदेश दौरे से लौटते ही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव उपचुनाव की तैयारी में जुटे हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Thu, 11 Jul 2019 11:15 PM (IST)Updated: Fri, 12 Jul 2019 07:34 AM (IST)
सपा कार्यकर्ताओं का मन टटोल रहे अखिलेश, उपचुनाव की तैयारी में जुटने का दिया निर्देश
सपा कार्यकर्ताओं का मन टटोल रहे अखिलेश, उपचुनाव की तैयारी में जुटने का दिया निर्देश

लखनऊ, जेएनएन। विदेश दौरे से लौटते ही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव उपचुनाव की तैयारी में जुटे हैं। विभिन्न जिलों के कार्यकर्ताओं से मुलाकात में मिशन- 2022 को कामयाब बनाने की चर्चा के साथ क्षेत्रीय संगठन के बारे में भी जानकारियां बटोरी जा रही हैं।

loksabha election banner

गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में सपा प्रमुख से मिलकर लौटे अलीगढ़ के निसार अहमद ने बताया कि उपचुनावों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और बूथ कमेटियों को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। बूथ कमेटी में सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व रखने पर जोर दिया। अलीगढ़ जिले की इगलास विधानसभा सीट पर उपचुनाव प्रस्तावित है। लोकसभा चुनाव में अलीगढ़ सीट बसपा के कोटे में चले जाने और हारने के कारण स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं में मायूसी है।

छोटे दलों से गठजोड़ की पैरोकारी

बसपा से गठबंधन टूटने के बाद कार्यकर्ताओं का एक बड़ा खेमा छोटे दलों से गठबंधन करने की पैरोकारी कर रहा है। बदायूं के सरजीत सिंह ने मुलाकात के बाद बताया कि बसपा को सबक सिखाना बहुत जरूरी है, इसलिए तीसरे मोर्चे का गठन अखिलेश यादव के नेतृत्व किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा लिखित सुझाव उन्होंने नेतृत्व को दिया है। आंतरिक मतभेदों को खत्म कर नए सिरे संघर्ष की सलाह देने वाले भी कम नहीं।

वहीं अखिलेश कार्यकर्ताओं से भाजपा के अन्याय का मुकाबला करने और जोरशोर से चुनावी तैयारी में जुटने पर जोर देते हुए सरकार की साजिशों से सावधान रहने को कहते हैं। सपा शासन की उपलब्धियों को जनता के बीच प्रचारित करने पर भी बल दे रहे हैं, ताकि आम लोगों को सपा व भाजपा शासन का अंतर याद रहे।

पर्वतारोही सागर कसाना से मिले सपा प्रमुख

अखिलेश ने गाजियाबाद के निवासी युवा पर्वतारोही सागर कसाना से मुलाकात की। यादव ने कसाना के साहसिक प्रयास की सराहना की और मदद का आश्वासन भी दिया। इस अवसर पर इंद्रजीत सरोज व राजेंद्र चौधरी भी उपस्थित थे। कसाना ने 22 मई, 2019 को माउंट एवरेस्ट चोटी पर विजय हासिल की थी। कसाना इससे पूर्व लेह, लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश, हिमांचल के अलावा यूरोप व रूस के पर्वत शिखरों पर भी पर्वतारोहण में सफल रहे हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.