सपा का मुकाबला किसी से नहीं, विपक्षी दूसरे और तीसरे नंबर के लिए लड़ेंगे
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भरोसा है कि उत्तर प्रदेश में फिर समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज कौशांबी में थे।
लखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मिशन-2017 को लेकर आत्मविश्वास से भरपूर हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का मुकाबला किसी दल से नहीं है। विकास के मोर्चे पर इतनी उपलब्धियां हैं कि विपक्षी दल दूसरे और तीसरे नंबर के लिए लड़ेंगे। विपक्षी मुद्दाविहीन हैं इसीलिए वे विकास के मुद्दे पर बहस नहीं कर पाते। बस, जब देखो लॉ-एंड आर्डर खराब होने की बात कहते हैं।
कौशांबी जिला मुख्यालय मंझनपुर के ओसा स्थित नवीन कृषि मंडी समिति प्रांगण में मुख्यमंत्री चुनावी तेवर में दिखे। करीब 31 परियोजनाओं का बटन दबाकर लोकार्पण-शिलान्यास करने के बाद उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। एंबुलेंस सेवा, लैपटाप वितरण, कन्या विद्याधन, लोहिया समग्र गांव व लोहिया घर, समाजवादी पेंशन व पुलिस भर्ती का उल्लेख किया। कहा कि अक्टूबर से सौ नंबर डायल करते ही पुलिस घर के दरवाजे पर खड़ी नजर आएगी। गरीब परिवारों की लड़कियों की शादी में 30 हजार रुपये सरकारी मदद की योजना लाने की भी घोषणा अखिलेश यादव ने की। मोदी सरकार का नाम लिए बिना पूछा कि दो वर्षों के कार्यकाल में उसने ऐसा कौन सा उल्लेखनीय काम किया है जिसे वह गिना सकें। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार की नीतियां ऐसी हैं कि बिहार, उत्तराखंड, मप्र व हरियाणा जैसे राज्य भी लैपटाप वितरण व अन्य योजनाओं में उसकी नीतियों का अनुसरण कर रहे हैं। बसपा के लिए कहा कि उसने पांच सालों में क्या किया है, यह किसी से छिपा नहीं है। करोड़ों की लागत से लखनऊ में पत्थर के हाथी लगे। जो खड़े हैं वह बैठे नहीं हैं और जो बैठे हैं वह खड़े नहीं। मुख्यमंत्री ने केंद्र पर यूपी के किसानों की मदद नहीं करने का भी आरोप लगाया। कहा कि उसने गन्ना किसानों की नहीं, मिल मालिकों की मदद की है। मंझनपुर में 23 मिनट संबोधन के बाद मुख्यमंत्री मूरतगंज पहुंचे और वहां फोर लेन सड़क का लोकार्पण किया।
तालाब खोदवाएंगे--सभा में मुख्यमंत्री ने तालाबों का भी जिक्र किया। दरअसल कुछ वक्ताओं ने कहा था कि जिले के छह ब्लाक डार्क जोन में हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले को डार्क जोन से निकालने के लिए हर संभव पहल की जाएगी। जरूरत पड़ी तो तालाब भी खोदवाए जाएंगे। अलवारा झील के सुंदरीकरण का एलान भी किया।