हरियाणा की 10 सीटों पर सपा उतार सकती है अपना प्रत्याशी, टिकट के लिए लखनऊ के चक्कर काट रहे दावेदार
Haryana Assembly Election 2024 समाजवादी पार्टी हरियाणा विधानसभा चुनाव में दक्षिण हरियाणा की 10 से 12 सीटों पर अपना प्रत्याशी उतार सकती है। यह सभी वह स ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश से पहले समाजवादी पार्टी हरियाणा विधानसभा के चुनाव में अपना दम दिखाएगी। सपा ने यादव और मुस्लिम समीकरण वाली दक्षिण हरियाणा की 10 से 12 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी शुरू कर दी है। हरियाणा गठबंधन से ही उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर दिशा तय हो सकेगी।
वहीं, हरियाणा में चुनाव लड़ने के दावेदारों ने सपा से टिकट हासिल करने के लिए लखनऊ के चक्कर लगाना शुरू कर दिया है। शनिवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने आवास पर हरियाणा से आए कुछ नेताओं से मुलाकात कर चुनावी तैयारियों और प्रत्याशियों को लेकर चर्चा की। नेताओं ने सपा प्रमुख से हरियाणा में जनसभाएं और रोड शो करने के कार्यक्रम भी मांगे हैं।
10 से 12 सीटों पर लड़ सकती है सपा
कुल 90 विधानसभा सीटों वाले हरियाणा में 10 से 12 सीटों पर यादव और मुस्लिम मतदाता अहम भूमिका निभाते हैं। दक्षिण हरियाणा के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी,सोनीपत, फरीदाबाद, गुरुग्राम, नूंह व पलवल जिलों की 29 विधानसभा सीटों में से सपा 10 से 12 सीटों को अपने लिए मुफीद मान रही है।
इन सीटों से ही सबसे अधिक दावेदारों ने टिकट के लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से संपर्क किया है। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी कहते हैं कि पार्टी हरियाणा में चुनाव लड़ेगी। सपा अकेले चुनाव लड़ेगी या गठबंधन में। यह शीर्ष स्तर पर तय होगा।
मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर आज बैठक
उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियों को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार को प्रदेश कार्यालय में बैठक करेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सपा प्रमुख चुनाव प्रभारी व सांसद अवधेश प्रसाद के साथ वहां के जिला संगठन के पदाधिकारियों से उनकी जमीनी तैयारी पर चर्चा करेंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।