UP News: संघ, भाजपा व सरकार में समन्वय के लिए सौंपी गई जिम्मेदारियां, सेवा पखवाड़े के संचालन पर विचार विमर्श
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भाजपा और सरकार के बीच समन्वय को और बेहतर बनाने के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मुख्यमंत्री स्तर के मामलों के लिए धर्मपाल सिंह भाजपा संगठन के लिए कामेश्वर सिंह और मंत्रियों से जुड़े मामलों के लिए अमरपाल मौर्य को जिम्मेदारी दी गई है। पूर्वी क्षेत्र की समन्वय बैठक में शिक्षण संस्थानों में माहौल सुधारने और सेवा पखवाड़े को बेहतर ढंग से आयोजित करने पर चर्चा हुई।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भाजपा व सरकार के बीच आपसी समन्वय और बेहतर बनाने के लिए तीन प्रमुख लोगों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं हैं। मुख्यमंत्री स्तर से जुड़े संघ के मामले हल करवाने के लिए भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा संगठन स्तर पर संघ से जुड़े मामले भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष कामेश्वर सिंह देखेंगे जबकि सरकार के मंत्रियों के स्तर के मामले प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य देखेंगे। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों में बेहतर माहौल के लिए संघ और भाजपा मिलकर काम करेंगे। दोनों छात्रों और शिक्षकों के बीच पैठ बनाने के लिए भी काम करेंगे।
संघ अपने शताब्दी वर्ष में विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। हाल ही में जोधपुर में हुई राष्ट्रीय समन्वय बैठक के बाद अब अलग-अलग क्षेत्रीय समन्वय बैठकें हो रही हैं। इसी कड़ी में रविवार को निराला नगर में पूर्वी क्षेत्र की तीन दिवसीय समन्वय बैठक शुरू हुई।
पहले दिन सामाजिक समूह और शिक्षा समूह की बैठक हुई। शिक्षा समूह की बैठक में विश्वविद्यालयों और कालेजों के वर्तमान परिदृश्य और इनमें अपनी पैठ बढ़ाने पर चर्चा हुई। सामाजिक समूह की बैठक में आपसी समन्वय बनाने के लिए जोर दिया गया।
पिछले दिनों बाराबंकी में हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रकरण में भी संघ और भाजपा संगठन ने अहम भूमिका निभाई थी। भविष्य में इस तरह की परिस्थितियां न आएं, इसको लेकर विचार विमर्श हुआ।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती दो अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़े को बेहतर ढंग से संचालन पर चर्चा हुई।
इसमें कई सामाजिक गतिविधियां होंगी। इनके जरिए समाज के हर वर्ग के बीच जाने की कोशिश होगी। इससे विचारधारा का विस्तार होगा। साथ ही नए लोगों को साथ जोड़ने में मदद मिलेगी। बैठक में आरएसएस के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख कृपा शंकर, क्षेत्र प्रचारक अनिल कुमार, प्रांत प्रचारक कौशल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के अलावा क्षेत्रीय अध्यक्ष भी मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।