यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 29, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Lucknow News: रोडवेज बस अनियंत्रित होकर दुकान में घुसी, डंपर ने मारी बाइक में टक्कर, पिता-पुत्र व पुत्री की हालत गंभीर
रायबरेली से चलकर लखनऊ आ रही रोडवेज बस कैसरबाग चौराहे पर अनियंत्रित होकर दुकान में घुस गई। गनीमत थी कि ...और पढ़ें

लखनऊ, जागरण संवाददाता। रायबरेली से चलकर लखनऊ आ रही रोडवेज बस शुक्रवार की सुबह कैसरबाग चौराहे पर अनियंत्रित होकर एक दुकान में घुस गई। गनीमत रही कि बस में सिर्फ दो से तीन ही यात्री सवार थे जो कि बस हादसे में सुरक्षित रहे। वहीं बस चालक की सतर्कता से किसी राहगीर को भी कोई चाेट नहीं आई। जानकारी के मुताबिक, बस का ब्रेक फेल होने की बात सामने आ रही है।
रायबरेली डिपो की बस संख्या यूपी 33 एटी 3010 रायबरेली से चलकर कैसरबाग बस स्टेशन होते हुए हल्द्वानी काठगोदाम के लिए जाती है। कैसरबाग चौराहा पार करने के बाद भीड़ भरी सड़क पर बस अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरीके से राहगीरों को बचाते हुए बस को कैसरबाग बस स्टेशन चौराहा के पहले खाली जगह देखकर एक बिल्डिंग में खंभे से टकराकर रोक लिया। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होते होते टल गया। सेवा प्रबंधक अक्षय कुमार ने बताया कि मौके पर फोरमैन भेजकर हादसे की जांच कराई जा रही है। इसके बाद ही बस हादसे की सही वजह सामने आएगी।
डम्पर ने बाइक सवार को मारी टक्कर, पिता-बेटी व बेटा घायल : पारा के हरदोई रिंग रोड पूर्वीदीन खेड़ा मोड़ के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित डम्पर ने बाइक सवार को सामने से टक्कर मार दी। जिससे बाइस सवार पिता, बेटा व बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को ट्रामा सेंटर भिजवाया और डम्पर चालक को हिरासत में ले लिया।
.jpg)
डिप्टी खेड़ा मायापुरम निवासी शिवसरन शुक्रवार दोपहर बाइक से बेटा आलोक व बेटी आरोही को पारा डाक्टर खेड़ा स्थित सेंट ऐन्थोनी स्कूल से लेकर वापस घर जा रहे थे। रास्ते में पूर्वीदीन खेड़ा मोड़ के पास बुद्धेश्वर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित डम्पर ने शिवसरन की बाइक में सामने से टक्कर मार दी।
इससे शिवसरन का बेटा आलोक, बेटी आरोही गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पारा पुलिस ने घायल शिवसरन, बेटा आलोक बेटी आरोही को ट्रामासेंटर में भर्ती कराया। जहां तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
