विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP Flood: यूपी में उफान पर नदियां, सैकड़ों गांवों में घुसा पानी, गोंडा में 70 हजार की आबादी पर मंडरा रहा संकट

By Prabhapunj MishraEdited By: Prabhapunj Mishra
Published: Sat, 26 Aug 2023 08:45 AM (GMT+05:30)Updated: Sat, 26 Aug 2023 09:20 AM (GMT+05:30)

Flood In UP पहाड़ों पर हो रही लगातार बार‍िश और प्रदेश में तीन द‍िन हुई मूसलाधार बार‍िश के बाद यूपी ...और पढ़ें

Flood In UP: यूपी में उफान पर नद‍ियां, गांवों में घुसा पानी
Flood In UP: यूपी में उफान पर नद‍ियां, गांवों में घुसा पानी

लखनऊ, जागरण टीम। प्रदेश में गंगा समेत अन्य नदियां उफान पर हैं। गंगा का जलस्तर बढ़ने से फर्रुखाबाद, उन्नाव और फतेहपुर में बाढ़ के हालात हैं। फर्रुखाबाद में शुक्रवार को गंगा खतरे के निशान से 20 सेंटीमीटर ऊपर 137.10 मीटर पर बह रही हैं। फतेहपुर में गंगा खतरे के निशान से 32 सेंटीमीटर ऊपर बह रही हैं। बिंदकी तहसील के कई गांव के मुख्य रास्तों पर बाढ़ का पानी दो से ढाई फीट ऊपर से बह रहा है।

उन्नाव में भी गंगा खतरे के निशान से 20 सेंटीमीटर ऊपर हैं। जिले के 102 गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। शुक्रवार सुबह फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के गड़ाई गांव में पांच वर्षीय बालक बाढ़ के पानी में डूब गया। उसकी मौत हो गई। उधर, मुरादाबाद में रामगंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। दर्जनभर गांव में नदी का पानी घुस गया है। शहर के बाहरी क्षेत्र में भी बाढ़ की आशंका है।

अयोध्या में गिरिजापुरी बैराज से दो चरणों में छोड़े गए पानी के कारण सरयू नदी शुक्रवार को फिर खतरे के निशान के पार पहुंच गई, जिससे तराई के लोगों में दहशत बढ़ गई है। जलस्तर बढ़ने से रुदौली तहसील के आधा दर्जन गांव के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गोंडा में घाघरा-सरयू नदी का जल स्तर बढ़ रहा है। दो दिनों से हो रही बरसात और बाढ़ से घिरते गांव (मजरा) के लोगों की धड़कन बढ़ती ही जा रही है। चार गांव का संपर्क मार्ग बाढ़ में बह गया। टापू बन रहे गांवों के लोगों का संपर्क कट गया है।

बाढ़ से घिरे करीब 40 गांव की 70 हजार की आबादी सुरक्षित स्थान पर अपना अस्थाई ठिकाना तलाश रही है। शाहजहांपुर में बाढ़ प्रभावित दो दर्जन गांवों में 90 प्रतिशत फसल बर्बाद हो गई। बदायूं में छह गांवों में पानी भर गया है। पीलीभीत में शारदा नदी उफनने से तीन गांवों में पानी भर गया। बरेली में रामगंगा, बदायूं व शाहजहांपुर में गंगा खतरे के निशान से नीचे है मगर, कटान नुकसान कर रही।

वाराणसी में गुरुवार आधी रात से शुक्रवार सुबह आठ बजे तक वर्षा हुई। इसके बाद शाम चार बजे तक बारिश हुई। तेज बारिश के बाद अब पूर्वांचल में नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। शुक्रवार सुबह वाराणसी में गंगा का जलस्तर दो सेमी प्रतिघंटे की दर से बढ़ रहा था। मऊ में सरयू नदी के जलस्तर में भी वृद्धि दर्ज की गई। गोरखपुर में लगातार हो रही वर्षा से नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। अयोध्या पुल के पास सरयू खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। राप्ती एवं रोहिन नदियों का जलस्तर पिछले दो दिन में एक मीटर से अधिक बढ़ा है।