लखनऊ के ट्रिपल मर्डर में नामजद दो फरार की तलाश तेज, राजेश और दिव्या पर 25-25 हजार का इनाम घोषित
Triple Murder in Lucknow: सर्विलांस और मुखबिरों की भी मदद ली जा रही है। अब तक दोनों पकड़े नहीं गए हैं। उन पर इनाम घोषित कर दिया गया है।

मृतकों और आरोपितों का घर अगल-बगल होने के कारण बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
HighLights
राजधानी के सआदतगंज में कार खड़ी करने के विवाद में तीन की हत्या
हत्या में मुख्य सहित छह आरोपित भेजे गए हैं जेल
जागरण संवाददाता, लखनऊ : सआदतगंज में हुए तिहरे हत्याकांड के फरार आरोपित राजेश शुक्ला और दिव्या शुक्ला पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगी हैं। मृतकों और आरोपितों का घर अगल-बगल होने के कारण बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। सर्विलांस और मुखबिरों की भी मदद ली जा रही है। अब तक दोनों पकड़े नहीं गए हैं। उन पर इनाम घोषित कर दिया गया है। घटना स्थल और मृतकों के घर के आसपास पुलिस बल तैनात है। स्थिति शांति पूर्ण बनी हुई है।
मृतकों के घर में गरुड़ पुराण का पाठ
मृतकों के परिवार में कोई भी पुरुष नहीं बचा है। सिर्फ दो महिलाएं और एक युवती बची है। परिवार के मुखिया शिवाजी तिवारी के फुफेरे भाई मनोज अवस्थी ने तीनों शवों को मुखाग्नि दी थी। उन्होंने बताया कि क्रिया-क्रम की रस्म चल रही है। गुरुवार को गरुड़ पुराण का पाठ हुआ। उन्होंने बताया कि पुलिस बल तैनात है, लेकिन कोई पुलिस या प्रशासनिक अधिकारी परिवार से मिलने नहीं आए हैं।
यह है पूरा मामला
सआदतगंज के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में 26 अक्टूबर की सुबह चबूतरे की जमीन के पास कार खड़ी करने के विवाद में ऋषभ शुक्ला ने पड़ोसी शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंद्र तिवारी उर्फ शंभू और बेटे सुयश तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में ऋषभ शुक्ला, राजेश शुक्ला, गिरीश शुक्ला, दिनेश शुक्ला, मुन्ना बाबू, दिव्या, प्रिया और आदिति के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। राजेश शुक्ला और दिव्या अब तक फरार है।
