सीतापुर में सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल की दिनदहाड़े हत्या, जमीन के लिए बेटे ने रेत दिया गला
शराब का आदी था हत्यारोपित बड़े भाई की तहरीर पर मुकदमा। पुलिस ने हत्यारोपित को मौके से आला कत्ल के साथ किया गिरफ्तार।
सीतापुर, जेएनएन। रामकोट थाना क्षेत्र के सीतापुर शहर के मुहल्ला खूबपुर में गुरुवार को बेटे ने रिश्तो का खून कर दिया। पैसे के विवाद में अपने बुजुर्ग पिता के गले पर धारदार हथियार से वार कर उनकी गर्दन उड़ा दी। बताया जा रहा है कि सेवानिवृत हेड कांस्टेबल राम सिंह ने एमडी तोड़वाई थी।
एफडी के पैसे न मिलने से इनका छोटा बेटा विनय सिंह नाराज रहता था। इसी के चलते गुरुवार दोपहर को फिर बाप-बेटे में विवाद हुआ। इस बीच राम सिंह की पत्नी चंद्रकली घर से निकल गई थी। तभी मौका पाकर बेटे विनय कुमार ने अपने पिता पर धारदार हथियार से वार कर उनके गले को रेत दिया। जिससे बुजुर्ग पिता की मौके पर ही मौत हो गई है। खबर पाकर पहुंचे एडिशनल एसपी मधुबन कुमार सिंह व सीओ सिटी योगेंद्र सिंह पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। इन अधिकारियों ने बताया कि घटना के आरोपी विनय सिंह को मौका-ए-वारदात गिरफ्तार किया गया है। घटना दोपहर सवा बजे की है।
मुहल्ले के लोगों ने बताया, आरोपित विनय शराब का आदी है। इसी विवाद में उसकी पत्नी भी दो साल से मायके में रह रही है। मृतक राम सिंह दो-ढाई साल पहले ही पुलिस सेवा से रिटायर हुए थे। इन्होंने पांच लाख रुपये की एफडी तुड़वाई थी और इसमें से एक लाख रुपये बुजुर्ग ने खर्च भी कर दिए थे। इसी चक्कर में आए दिन बाप-बेटे में विवाद होता रहता था। आरोपित का बड़ा भाई संतोष सिंह आर्मी से रिटायर है। वह वर्तमान में पीएनबी में गार्ड के तौर पर सेवारत है। संतोष सिंह की तहरीर पर पुलिस ने बुजुर्ग की हत्या के आरोप में छोटे बेटे विनय सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
माता-पिता के साथ ही रहता था विनय
मुहल्ला वासियों के मुताबिक, विनय अपने माता-पिता के साथ ही दो मंजिल मकान के भूतल पर रहता था। दो मंजिल पर उसका बड़ा भाई व उसकी पत्नी-बच्चे रहते थे। घटना के दौरान राम सिंह का बड़ा बेटा संतोष बैंक में ड्यूटी पर था।