प्रदेश के नए निर्वाचन आयुक्त बने मनोज कुमार, कार्यभार संभाला
सेवानिवृत आइएएस अधिकारी मनोज कुमार को राज्य निर्वाचन आयुक्त के पद पर नियुक्त किया है। उन्होंने आज पीसीएफ भवन में प्रदेश के निर्वाचन आयुक्त के रूप में अपना काम संभाल लिया है।
लखनऊ (जेएनएन)। प्रदेश सरकार ने सेवानिवृत आइएएस अधिकारी मनोज कुमार को राज्य निर्वाचन आयुक्त के पद पर नियुक्त किया है। उन्होंने आज पीसीएफ भवन में प्रदेश के निर्वाचन आयुक्त के रूप में अपना काम संभाल लिया है। उन्होंने बीते माह सेवानिवृत एसके अग्रवाल की जगह ली है।
मूलरूप से बिहार के औरंगाबाद के रहने वाले मनोज कुमार प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद प्रदेश में लौटे थे। राज्यपाल राम नाईक के अनुमोदन के बाद मुख्य सचिव ने राजीव कुमार ने मनोज कुमार को राज्य निर्वाचन के पद पर तैनात होने का आदेश जारी किया। मनोज कुमार इससे पहले मुख्य सचिव से मुलाकात करने पहुंचे थे।
मनोज कुमार 1982 बैच के रिटायर्ड आईएएस अफसर हैं। बीते वर्ष 19 दिसंबर को सतीश कुमार अग्रवाल के सेवानिवृत होने के बाद से यूपी राज्य निर्वाचन आयुक्त का पद रिक्त चल रहा था। मनोज कुमार इससे पहले प्रदेश के कई महत्वपूर्ण विभागों में सेवाएं दे चुके हैं। केंद्र सरकार में मनोज कुमार संयुक्त सचिव वन एवम पर्यावरण मंत्रालय में तैनात थे।
आज अपना कार्यभार संभालने के बाद मनोज कुमार ने कहा कि राज्य का निर्वाचन आयुक्त बड़ी जिम्मेदारी वाला पद होता है। हमारा प्रयास प्रदेश में स्वच्छ, निर्मल व निष्पक्ष चुनाव कराने का होगा। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव के दौरान वोटर लिस्ट में बड़ी गड़बड़ी की सूचना मिली थी। अगर वास्तव में ऐसा है तो यह बहुत ही चुनौतीपूर्ण कार्य है।
उन्होंने कहा कि हर चुनाव मतदाता का ही होता है, ऐसे में मतदाता को उसका अधिकार मिलना चाहिए। हमारा प्रयास विसंगतियों को दूर करने का होगा। मूलरूप से बिहार के औरंगाबाद के रहने वाले मनोज कुमार प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने के बाद प्रदेश में लौटे थे।
सतीश कुमार अग्रवाल 11 अप्रैल 2012 को राज्य निर्वाचन आयुक्त बनाए गए थे। 19 दिसम्बर 2017 तक वह इस पद पर रहे। उन्होंने 2012 के पंचायत चुनाव और 2017 के नगरीय निकाय चुनाव सम्पन्न करवाए।