Move to Jagran APP

UP MLC Election Results Date: विधान परिषद चुनाव की मतगणना कल, 199 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला

UP MLC Election Results Date विधान परिषद की स्नातक व शिक्षक कोटे की 11 सीटों के लिए मंगलवार को हुए चुनाव का परिणाम गुरुवार देर शाम तक आ जाएगा। राज्य के 72 जिलों में हुए मतदान के बाद कुल 199 प्रत्याशियों की किस्मत बैलट बॉक्स में बंद हो गई है।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Wed, 02 Dec 2020 11:02 AM (IST)Updated: Wed, 02 Dec 2020 11:25 AM (IST)
UP MLC Election Results Date: विधान परिषद चुनाव की मतगणना कल, 199 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला
यूपी विधान परिषद की स्नातक व शिक्षक कोटे की 11 सीटों पर हुए चुनाव का परिणाम गुरुवार को आ जाएगा।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की स्नातक व शिक्षक कोटे की 11 सीटों के लिए मंगलवार को हुए चुनाव का परिणाम गुरुवार देर शाम तक आ जाएगा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राज्य के 72 जिलों में हुए मतदान के बाद कुल 199 प्रत्याशियों की किस्मत बैलट बॉक्स में बंद हो गई है। इस दौरान कुल 55.47 फीसद वोट पड़े। अब तीन दिसंबर को इन सीटों की मतगणना होगी।

loksabha election banner

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि छिटपुट मामलों को छोड़कर मतदान पूरी तरह शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। जहां से भी प्रत्याशियों की शिकायतें आईं उसकी जांच करा रहे हैं। मतगणना गुरुवार तीन दिसंबर को होगी। देर शाम तक परिणाम आने की उम्मीद है।

विधान परिषद में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ व इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक के अलावा लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद व गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट के लिए मंगलवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ था। शुरुआती दो घंटे में मतदान की रफ्तार बेहद सुस्त रही। सुबह 10 बजे मात्र छह फीसद मतदान हुआ। इसके बाद जैसे-जैसे सूरज की तपिश बढ़ती गई वैसे-वैसे मतदान में भी तेजी आ गई। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट पर सबसे अधिक 73.94 फीसद मतदान हुआ। सबसे कम वोट लखनऊ खंड स्नातक सीट पर 36.74 प्रतिशत पड़े।

कोरोना संक्रमण को देखते हुए मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मियों व मतदाताओं की सुरक्षा के लिए थर्मल स्कैनर, हैंड सैनिटाइजर, ग्लव्ज, फेस मास्क, फेस शील्ड, पीपीई किट, साबुन, पानी आदि की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। पांच खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1269817 मतदाताओं के लिए 1808 मतदेय स्थल बनाए गए थे। खंड शिक्षक की छह सीटों में कुल 2,06,335 मतदाताओं के लिए 813 मतदेय स्थल बने थे। चुनाव पर नजर रखने के लिए 11 प्रेक्षक, 952 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 413 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। साथ ही प्रत्येक मतदेय स्थल पर माइक्रो ऑब्जर्वर भी लगाए गए थे। चुनाव के लिए कुल 12319 मतदान कर्मी लगाए गए थे।

कहां कितने पड़े वोट

  • सीट का नाम                          : मतदान प्रतिशत
  • आगरा खंड स्नातक                    : 41.56
  • इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक      : 41.10
  • लखनऊ खंड स्नातक                 : 36.74
  • मेरठ खंड स्नातक                      : 42.86
  • वाराणसी खंड स्नातक                 : 39.33
  • आगरा खंड शिक्षक                    : 70.78
  • बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक       : 73.48
  • गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक    : 73.94
  • लखनऊ खंड शिक्षक                  : 58.99
  • मेरठ खंड शिक्षक                       : 62.60
  • वाराणसी खंड शिक्षक                  : 68.83

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.