मुरादाबाद पुलिस प्रशिक्षण केंद्र प्रभारी के उत्पीड़न से परेशान प्रशिक्षु महिला सिपाही ने दिया इस्तीफा
तत्कालीन आरटीसी प्रभारी भगवान स्वरूप हटा दिए गए। इसके बाद महिला सिपाही के इस्तीफे के कारणों पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल आरटीसी का प्रभार पुरुषोत्तम पुंडीर के कंधे पर है।
मुरादाबाद [श्रीशचंद्र मिश्र]। बहराइच की रहने वाली एक महिला सिपाही ने पुलिस प्रशिक्षण के दौरान ही इस्तीफा दे दिया। आरटीसी (प्रशिक्षण केंद्र) प्रभारी को हटाया जाना इससे जोड़कर देखा जा रहा है। इससे चर्चाओं का बाजार गर्म है।
मुरादाबाद की नवीं वाहिनी पीएसी में 25 जुलाई से महिला सिपाहियों का छह माह का प्रशिक्षण चल रहा है। इसमें बहराइच की रहने वाली अद्यना सिंह भी शामिल थीं। आठ अगस्त को वह मुरादाबाद से बहराइच चली गई। इसके बाद आज तक वह वापस नहीं आई और इस्तीफा भेज दिया। इसके बाद तत्कालीन आरटीसी प्रभारी भगवान स्वरूप हटा दिए गए। इसके बाद महिला सिपाही के इस्तीफे के कारणों पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल आरटीसी का प्रभार पुरुषोत्तम पुंडीर के कंधे पर है।
रहस्य बनी सिपाही के इस्तीफे के पीछे की कहानी
महिला सिपाही के इस्तीफा देने के पीछे की असल वजह रहस्य बन गई है। आरटीसी प्रभारी व प्लाटून कमांडर जहां घटना पर मुंह खोलने तक को तैयार नहीं, वहीं नवीं वाहिनी पीएसी के सेना नायक नई नौकरी मिलने की संभावना जताते सिपाही द्वारा इस्तीफा देने की बात स्वीकार करते हैं।
तो क्या उत्पीडऩ से छोड़ी नौकरी
महिला सिपाही छुट्टी पर घर जाना चाहती थी। नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर प्रशिक्षण लेने वाली सहकर्मी महिला पुलिस कर्मियों ने बताया कि आरटीसी प्रभारी ने छ़ुट्टी नहीं दी। इसका पता जब उसके पिता को चला तो वह मिलने मुरादाबाद आए। उनका सामना तत्कालीन आरटीसी प्रभारी से हुआ। वह महिला सिपाही के पिता को देखते ही गरज उठे। आरटीसी प्रभारी के तेवर देख महिला सिपाही के पिता बेहोश होकर गिर पड़े। इसकी सूचना लगते ही महिला सिपाही भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद आठ अगस्त को छुट्टी लेकर पिता के साथ घर लौट गई।
कटघरे में खड़ा कर रहे जिम्मेदारों के बयान
-नवीं वाहिनी के वर्तमान आरटीसी प्रभारी पुरुषोत्तम पुंडीर ने कहा कि मामला मेरी तैनाती से पूर्व का है। ऐसे में घटना की वास्तविकता का पता उन्हें नहीं है। प्लाटून कमांडर भोला राम पूर्व से तैनात हैं। ऐसे में सही जानकारी वही दे सकते हैं। जबकि प्लाटून कमांडर भोला राम कुछ भी बताने से इन्कार कर गए। यहां तक कि निर्वतमान आरटीसी प्रभारी का नाम भी नहीं बताया।
सिपाही ने दिया इस्तीफा
नवीं वाहिनी पीएसी के सेना नायक संजीव त्यागी बताते हैं कि सिपाही ने इस्तीफा दे दिया है। इसके आगे कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया।