Move to Jagran APP

उत्तर प्रदेश में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ा, पहली बार पारा 50 के पार; आज भी रहेगी भीषण गर्मी

उत्तर प्रदेश में इन दिनों लू का कहर जारी है। भीषण गर्मी के कारण लोग दम तोड़ रहे हैं। प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और चढ़ते पारा ने सारे रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Tue, 11 Jun 2019 09:39 AM (IST)Updated: Tue, 11 Jun 2019 12:02 PM (IST)
उत्तर प्रदेश में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ा, पहली बार पारा 50 के पार; आज भी रहेगी भीषण गर्मी
उत्तर प्रदेश में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ा, पहली बार पारा 50 के पार; आज भी रहेगी भीषण गर्मी

लखनऊ, जेएनएन। मानसून की राह देख रहे उत्तर प्रदेश को गर्मी बुरी तरह से झुलसा रही है। उत्तर प्रदेश में इस बार गर्मी में कल पहली बार पारा 50 के पार पहुंचा। आज भी लोग गर्मी से बेहाल रहेंगे। मौसम विभाग का मानना है कि प्रदेश में गर्मी का कहर अभी भी जारी रहेगा। उत्तर प्रदेश के कुछ स्थान पर धूल भरी आंधी भी चल सकती है।

loksabha election banner

उत्तर प्रदेश में इन दिनों लू का कहर जारी है। भीषण गर्मी के कारण लोग दम तोड़ रहे हैं। प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और चढ़ते पारा ने सारे रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। मथुरा में कल बकरी अनुसंधान केंद्र के मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 50 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, यह प्रदेश के किसी भी जिले का अब तक का सर्वाधिक तापमान है। आंचलिक मौसम विभाग के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में अब तक सर्वाधिक तापमान 1995 में बांदा 48.9 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया था।

कल भी बांदा में तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 49.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कल गर्मी ने पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया। केवल बांदा ही नहीं प्रयागराज में तापमान सामान्य के मुकाबले नौ डिग्री अधिक 48.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। प्रयागराज में जून माह में इससे पहले 1979 में तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। प्रयागराज में बीते 40 वर्ष का रिकॉर्ड टूट गया।

रिकॉर्ड तो झांसी में भी टूटने के करीब पहुंच गया। यहां तापमान 48.1 रहा, जबकि 1984 में तापमान 48.2 तक गया था जो अब तक का रिकॉर्ड है। केवल यही नहीं, सूबे के कई शहर ग्रीष्म लहर की चपेट में हैं। हमीरपुर में तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 47.2, वाराणसी में 46.4, उरई में 46.5, आगरा में 46.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सुल्तानपुर में भी पारा सामान्य से छह डिग्री अधिक 44.8 डिग्री दर्ज हुआ। यह सभी शहर भीषण ग्रीष्म लहर की चपेट में हैं। अलीगढ़ में सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। हाथरस में पारे ने तीन साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अधिकतम तापमान 47 डिग्री पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रचंड गर्मी के कारण पूर्वोत्तर रेलवे लाइन से गुजर रही एक मालगाड़ी का डीजल इंजन हीट हो गया, जिसके चलते 55 मिनट तक मालगाड़ी को हाथरस सिटी स्टेशन पर रोका गया। अलीगढ़ में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री पहुंच गया। तीन दिन में तापमान 4.2 बढ़ गया है। नोएडा में सोमवार को गर्मी लगने से दो लोगों की मौत गई। स्वास्थ्य विभाग ने गर्मी से हो रही मौत को लेकर अलर्ट जारी किया है। सीएमओ डॉ अनुराग भार्गव ने बताया कि गर्मी से दो लोगों की मौत की जानकारी मिली है। धूप में ज्यादा देर तक रहने से हीट स्ट्रोक की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को सलाह है कि तेज धूप में घर से निकलने से बचें।

तेज हवाएं और बौछारों की उम्मीद

मौसम विभाग के अनुसार जबर्दस्त गर्मी, नमी के चलते सूबे में कई स्थानों पर अगले दो दिन तेज हवाएं व चमक के साथ बौछारें पडऩे की उम्मीद है। इससे थोड़ी से राहत मिल सकती है। राजधानी लखनऊ में कल तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 42.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। लोग दिन भर उमस भरी गर्म से हलकान रहे।

मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ में आज तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में आंधी-पानी की संभावना कम है। 

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.