यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 01, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP News: यूपी में खेलों के संसाधनों में तेजी से हो रही बढ़ोतरी, अंतरराष्ट्रीय फलक पर दमखम दिखाएंगे खिलाड़ी
Sports In UP उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार अपने दूसरे कार्यकाल में यूपी में खेलों के संसाधनों और खिलाड़ियों ...और पढ़ें

लखनऊ, राज्य ब्यूरो। Sports In UP यूपी में खेल सुविधाओं में तेजी से बढ़ोतरी की जा रही है। बेहतर सुविधाओं के बल पर अंतरराष्ट्रीय फलक पर खिलाड़ी दमखम दिखा सकेंगे। मेरठ में हाकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यान चंद के नाम पर खेल विश्वविद्यालय बनाया जा रहा है।
यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिस्पर्धाओं के लिए खिलाड़ी तैयार किए जाएंगे। उसी के अनुसार विश्वविद्यालय में विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं की तैयारी के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार किया जा रहा है। सभी जिलों में खेल सुविधाओं को बढ़ाने पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
कानपुर व वाराणसी में स्मार्ट सिटी के तहत मल्टी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनाए जा रहे हैं। यहां हाकी, तैराकी व मुक्केबाजी सहित 22 से ज्यादा खेलों का इन्फ्रास्ट्रक्चर मौजूद होगा। जिम, बड़ा इंडोर स्पोर्ट्स हाल आदि की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं विभिन्न जिलों में हास्टल, स्विमिंग पूल और वेलोड्रम (साइकिलिंग ट्रैक) आदि का निर्माण कराया जा रहा है। लखनऊ में स्विमिंग पूल व वेलोड्रम का निर्माण हो रहा है।
मीरजापुर, अलीगढ़, बस्ती, देवीपाटन व मुरादाबाद आदि में 50-50 खिलाड़ियों की क्षमता वाले हास्टल का निर्माण हो रहा है। वहीं शामली और हापुड़ जैसे शहरों में स्टेडियम बनाया जा रहा है। वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण हो रहा है। यही नहीं अंशकालिक व पूर्णकालिक प्रशिक्षकों की भर्ती की जा रही है।
