आगरा की पंचायत में दुष्कर्म की सजा सिर्फ पांच जूते
महिला से दुष्कर्म के बाद गांव में दबंगों ने पंचायत बुलाई। कानून को ताख पर रखकर पंचायत ने भी अजब फैसला सुनाया। दुष्कर्म के आरोपी युवक के सिर में पांच जूते लगवाकर उसे बरी कर दिया।
लखनऊ। महिला से दुष्कर्म के बाद गांव में दबंगों ने पंचायत बुलाई। कानून को ताख पर रखकर पंचायत ने भी अजब फैसला सुनाया। दुष्कर्म के आरोपी युवक के सिर में पांच जूते लगवाकर उसे बरी कर दिया। पुलिस पंचायत से बेखबर है। आगरा के थाना बरहन के एक गांव में 24 मई को पशु बाड़े में काम कर रही 28 वर्षीय विवाहिता के साथ पड़ोस के युवक ने दुष्कर्म किया। महिला ने परिजनों को जानकारी दी तो वे कार्रवाई के लिए बुधवार को पुलिस के पास जाने की तैयारी करने लगे। इसी बीच मुहल्ले के कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। गांव में तनाव देख गुरुवार को दबंग पंचायत करने पहुंच गए। इसमें सभी वर्ग के लोग मौजूद थे। पंचायत ने आरोपी के सिर में पांच जूते मारने का फैसला सुना दिया। आरोपी के पिता ने ही उसके सिर में पांच जूते मार दिए और पंचायत ने न्याय की फाइल बंद कर दी। सीओ एत्मादपुर अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी कराई जा रही है। पीडि़त महिला आरोपी के खिलाफ कार्रवाई चाहती है। पंचायत के बाद भी उसका कहना था कि कानून के मुताबिक आरोपी को सजा मिलनी चाहिए, मगर समाज के लोग दबाव में उसे घर से नहीं निकलने दे रहे।