नजूल भूमि पर बना रामाधीन कांप्लेक्स ढहाया जाएगा, घबराए काराेबारी खाली करने लगे दुकाने
लखनऊ के रामधानी कांप्लेक्स को ढहाया जाएगा पुलिस ने कांप्लेक्स में पहुंच कर कारोबारियों को बताया कि कांप्लेक्स ढहाया जाएगा कई थानों की फोर्स नहीं जुटने से मंगलवार को टाल दी गई कार्रवाई बुधवार को संभव है यहां का ध्वस्तीकरण।
लखनऊ, जेएनएन। डालीगंज में रामाधीन सिंह इंटर कॉलेज की ट्रस्ट की ओर से संचालित रामधीन कांप्लेक्स और मैरिज हॉल को ढहा दिया जाएगा। इस कांप्लेक्स में 50 से कुछ अधिक दुकानें हैं। ये कार्रवाई मंगलवार को ही की जानी थी मगर पर्याप्त पुलिस न जुटाए जाने की वजह से की नहीं जा सकी। सभी कारोबारियों को दुकानें खाली करने के लिए कह दिया गया है। जिसके बाद देर रात तक दुकानदार अपनी दुकानों से सामान निकालते रहे। कारोबारी भय में हैं, उनका कहना है कि इस भूमि विवाद की जानकारी उनको नहीं थी, वे गेहूं के साथ घुन की तरह से पिस गए हैं।
रामधानी ट्रस्ट का केस एलडीए में करीब 20 साल से लबित है। ये भूमि नजूल की है। प्राधिकरण की संयुक्त सचिव ऋतु सुहास ने बताया कि इस संबंध में अनेक बार ट्रस्ट को चेताया गया कि वे इस भूमि पर केवल शैक्षणिक कार्य कर सकते हैं। कोई भी कारोबारी गतिविधि चलाने का हक उनको नहीं है। ट्रस्ट की ओर से अपनी लीज संबंधित पुख्ता दस्तावेज भी कभी उपलब्ध नहीं करवाए गए हैं। इस संबंध में शिकायकर्ता ने हाईकोर्ट में याचिका भी दाखिल की है। इसलिए इस मामले में ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया गया है। जिस पर मंगलवार को ही अमल किया जाना था मगर पुलिस की उपलब्धता न होने की वजह से कार्रवाई नहीं की गई।
दुकानें ही नहीं तोड़ा जाएगा बैंक्वेट हॉल भी
ऋतु सुहास ने बताया कि न केवल ये कांप्लेक्स बल्कि मैरिज हॉल को भी ध्वस्त किया जाएगा। जिसके लिए भारी संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की भी आवश्यकता होगी। इसलिए जैसे ही पुलिस बल मिलेगा कार्रवाई होगी। दूसरी ओर दुकानदार खौफ में हैं। एक दुकानदार अरविंद सिंह ने बताया कि हम लोगों ने किराये पर ये दुकानें ली हैं। हमारा एग्रीमेंट ट्रस्ट से होता है। यहां सुबह कुछ पुलिस कर्मी आए और उन्होंने ध्वस्तीकरण किए जाने की जानकारी दी है। जिसके बाद सभी दुकानदार यहां से अपना सामान निकाल रहे हैं। वे अपना सामान मुख्य तौर पर अपने घरों में ही रख रहे हैं।