राम मंदिर बनकर रहेगा, देखें किसमें है रोकने का दम : साध्वी प्राची
साध्वी प्राची ने सम्भल में राधे मां के आने के बाद मीडिया से बदसलूकी पर उन्होंने सीधे तौर पर कुछ नहीं बोला लेकिन इतना जरूर कहा कि यह साधुता नहीं है।
सम्भल (जेएनएन)। विश्व हिंदू परिषद की नेता साध्वी प्राची ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर सीधी चुनौती दी है। मंगलवार को सम्भल में कल्कि मंदिर का दर्शन करने के बाद पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि राम मंदिर बनकर रहेगा। देखती हूं किसमें निर्माण रोकने का दम है। यदि बातचीत से मामला सुलझा तो ठीक, नहीं तो राज्यसभा में बहुमत मिलने के बाद कानून बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निर्देश देंगे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंदिर बनवाएंगे।
साध्वी प्राची ने सम्भल में राधे मां के आने के बाद मीडिया से बदसलूकी पर उन्होंने सीधे तौर पर कुछ नहीं बोला लेकिन इतना जरूर कहा कि यह साधुता नहीं है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम को आड़े हाथों लिया। कहा कि कश्मीर की आजादी मांगने वालों को चुल्लू भर पानी में डूबकर मर जाना चाहिए। काश्मीर का बीज तो गांधी खानदान ने बोया।
इसमें खाद और पानी कांग्रेस ने दिया। साध्वी ने कश्मीर की आजादी मांगने वालों को पाकिस्तान चले जाने की नसीहत दी। कुमार विश्वास को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान की रक्षा करना हर हिंदुस्तानी का फर्ज है। ताजमहल को लेकर उन्होंने कहा कि ताजमहल में शिव मंदिर था और है। वहां नमाज बंद होनी चाहिए। शिव चालीसा का पाठ होना चाहिए।