संतों की चरण-रज लेकर दिल्ली रवाना होंगे राम मंदिर ट्रस्टी
अयोध्या में 19 फरवरी को दिल्ली में प्रस्तावित है मंदिर निर्माण के लिए गठित श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक।
अयोध्या [रमाशरण अवस्थी]। राममंदिर निर्माण के लिए गठित श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टी 19 फरवरी को दिल्ली में प्रस्तावित ट्रस्ट की पहली बैठक के लिए संतों का आशीर्वाद लेकर रवाना होंगे। इस पहल के पीछे जहां मंदिर के लिए में संतों केअनवरतसंघर्ष के प्रति सम्मान परिभाषित होगा, वहीं नवगठित ट्रस्ट के स्वरूप से असहमत कुछ संतों की भावनाओं का समादर होगा।
कुल 15 सदस्यीय ट्रस्ट में तीन सदस्य स्थानीय हैं। अयोध्या राजपरिवार के मुखिया बिमलेंद्र मोहन मिश्र एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अनिल मिश्र सहित निर्माेही अखाड़ा के महंत दिनेंद्रदास होंगे। महंत दिनेंद्रदास स्वयं स्थापित संत हैं और बैठक में उनकी मौजूदगी से जहां रामनगरी के संतों की नुमाइंदगी तय होगी, वहीं दो अन्य ट्रस्टी संतों की चरण-रज के साथ बैठक में अयोध्या के संतों का प्रतिनिधित्व पुख्ता करेंगे।
गौरतलब है कि संतों की अगुआई में मंदिर निर्माण का स्वप्न साकार करने के लिए सदियों से संघर्ष चलता रहा है। गत नौ नवंबर को सुप्रीम फैसला आने के साथ संघर्ष को तो विराम मिल गया पर मंदिर निर्माण का स्वप्न साकार होना अभी बाकी है। इस स्वप्न को अयोध्या तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट साकार करेगा। ट्रस्ट को यह स्वप्न साकार करने के लिए भी संतों के नेतृत्व की दरकार है। इसी जरूरत के अनुरूप सदस्य उन सभी संतों का आशीर्वाद लेंगे, जो रामनगरी के प्रतिनिधि माने जाते हैं।
ट्रस्ट की पहली बैठक काफी अहम मानी जा रही है। जहां इस बैठक में पूर्व नामित नौ सदस्य दो अन्य सदस्यों का चुनाव कर सकते हैं, वहीं बैठक में राममंदिर के मॉडल और और निर्माण शुरू होने की तारीख पर निर्णय संभावित है।
महंत नृत्य गोपालदास को भी ट्र्स्ट में शामिल किया जाए: किन्नर अखाड़ा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज : किन्नर अखाड़ा के प्रमुख आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में श्रीराम जन्म भूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपालदास को भी शामिल करने की मांग की है। कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में महंत नृत्यगोपालदास के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। ट्रस्ट में उन्हें शामिल न किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि मंदिर आंदोलन में महंत नृत्यगोपालदास के योगदान की अनदेखी की गई है। साथ ही उम्मीद जताई कि ट्रस्ट के नौ स्थायी सदस्य महंत को ट्रस्ट में शामिल कर सकते हैैं।
सम्मानित किए जाएंगे राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य और कारसेवक
जागरण संवाददाता, प्रयागराज : उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य जगद्गुरु स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती से भेंट कर ट्रस्ट के सभी सदस्यों का सम्मान करने की इच्छा जताई है। यह भी कहा कि मंदिर आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले कारसेवकों को भी सम्मानित किया जाएगा। इस पर स्वामी जी ने सहमति जताई है। हालांकि सम्मान समारोह की तिथि और स्थान का निर्धारण होना अभी शेष है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, फूलपुर की सांसद केसरी देवी पटेल सहित अन्य नेता जगद्गुरु स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती से मिले।