Ram Mandir Ayodhya Update: राम मंदिर निर्माण के लिए 54 बार ली मौनी स्वामी ने भू-समाधि
Ram Mandir Ayodhya Update 29 साल की तपस्या का अब मिल रहा फल 1488 किमी लेटकर की परिक्रमा- राम मंदिर आंदोलन का वाहक रहा बाबूगंज का सगरा आश्रम
अमेठी [दिलीप सिंह]। Ram Mandir Ayodhya Update: अयोध्या में भगवान श्री राम का भव्य मंदिर बने, इसको लेकर बाबूगंज संगरा आश्रम के पीठाधीश्वर मौनी स्वामी पिछले 29 सालों से लगातार कठिन तप कर रहे हैं। अब जब उनकी तपस्या का फल मिलने को है तो वह बहुत ही उत्साहित हैं। सन्यास लेने के साथ देखा गया स्वप्न अब हकीकत का रूप अख्तियार करने जा रहा है। ऐसे में मौनी स्वामी भी आने वाली एक तारीख को ही अयोध्या नगरी के लिए रवाना होंगे और पांच अगस्त को भगवान श्री राम के मंदिर के भूमि पूजन के ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए खासे उत्साहित हैं।
श्रीमत परमहंस आश्रम बाबूगंज सगरा के पीठाधीवर मौनी स्वामी की पहचान फायर ब्रांड संत के रूप में हैं। मौनी स्वामी के साथ ही उनका आश्रम भी राम मंदिर आंदोलन का वाहक रहा। यहां लगातार अयोध्या में श्री राम के भव्य मंदिर के निर्माण के लिए समय-समय पर अनुष्ठान भी होते रहे हैं। मौनी स्वामी ने पिछले 29 सालों में भगवान श्री राम के मंदिर के निर्माण के लिए खुद भी कठिन तप किया। अब तक मंदिर निर्माण के संकल्प के साथ 54 बार भू-समाधि, 17 बार जल समाधि के साथ 1,488 किमी लेट कर परिक्रमा की है। तीन करोड़ 88 लाख से अधिक दीप राम लाल के लिए आश्रम में जलाए जा चुके हैं।
हर यातना को सहकर लगे रहे राम के काम में
पांच साल पहले 84 कोसी परिक्रमा व प्रभु के दर्शन के लिए तमाम शारीरिक, मानसिक यातनाएं भी झेलनी पड़ी। कई दिनों तक धरना देना पड़ा। लेकिन, मौनी स्वामी राम काम में लगे रहे।
आश्रम में चल रहे अनुष्ठान
जब से राम मंदिर निर्माण के भूमि पूजन की तारीख तय हुई है। आश्रम में उत्साह का माहौल है। सावन माह में लगातार अनुष्ठान चल रहे हैं। भगवान शिव से हर दिन भव्य मंदिर निर्माण की कामना पूजा-अर्चना के साथ की जा रही है।
एक अगस्त से रहेंगे अयोध्या में
मौनी स्वामी ने कहाकि एक अगस्त से ही अयोध्या जा रहे हैं। संत, महात्माओं के लगातार फोन आ रहे हैं। मंदिर निर्माण के लिए होने वाली ऐतिहासिक भूमि पूजन कार्यक्रम के वह साक्षी बनेंगे।