Move to Jagran APP

मायावती को झटका, बसपा के विधायक अनिल सिंह ने दिया भाजपा को वोट

सपा के साथ ही कांग्रेस तथा रालोद व दो निर्दलीय विधायकों की मदद से प्रत्याशी भीमराव अंबेडकर को राज्यसभा में भेजने के प्रयास में लगीं मायावती को उनके ही विधायक ने दांव दे दिया है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Fri, 23 Mar 2018 09:35 AM (IST)Updated: Sat, 24 Mar 2018 10:11 AM (IST)
मायावती को झटका, बसपा के विधायक अनिल सिंह ने दिया भाजपा को वोट
मायावती को झटका, बसपा के विधायक अनिल सिंह ने दिया भाजपा को वोट

लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की दस सीटों के लिए चल रहे मतदान के दौरान बहुजन समाज पार्टी के विधायक अनिल सिंह के भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने से बसपा मुखिया मायावती को तगड़ा झटका लगा है। समाजवादी पार्टी के साथ ही कांग्रेस तथा रालोद व दो निर्दलीय विधायकों की मदद से अपने प्रत्याशी भीमराव अंबेडकर को राज्यसभा में भेजने के प्रयास में लगीं मायावती को उनके ही विधायक ने दांव दे दिया है।
उन्नाव के पुरवा से बहुजन समाज पार्टी के विधायक अनिल सिंह ने मतदान के बाद कहा कि अंतरात्मा की आवाज पर मैंने भाजपा के प्रत्याशी को वोट दिया है। उन्होंने कहा कि अंतरात्मा से आवाज आने के बाद मैं अपने को रोक नहीं सका। उन्होंने कहा कि मैंने महाराज जी (योगी आदित्यनाथ) को वोट दिया है।वोट डालने के बाद अनिल सिंह ने कहा कि  उन्होंने बसपा से बगावत नहीं की है बल्कि वोट अंतरात्मा की आवाज पर दिया है। हम महाराज जी के साथ है। वोट लालजी वर्मा को दिखाकर दिया है।
अनिल सिंह के इस कदम से उत्तर प्रदेश में बसपा मुखिया मायावती के साथ उनके प्रत्याशी भीमराव अंबेडकर को झटका लगा है। बसपा विधायक अनिल सिंह ने पार्टी प्रत्याशी को वोट नहीं दिया है। मतदान वोटिंग से कुछ घंटे पहले बहुजन समाज पार्टी के विधायक अनिल सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की थी। 

loksabha election banner

बसपा विधायक उमा शंकर सिंह ने कहा कि अनिल सिंह आज सुबह मायावती जी की चाय में शामिल नहीं हुए इसलिए हम उनका वोट गिनकर नहीं चल रहे हैं। राजा भैया सपा को वोट कर रहे हैं। उमा शंकर सिंह ने कहा कि हमे बसपा के 17 विधायकों ने वोट किया है। सपा के नौ वोट हमें मिल रहे हैं। कांग्रेस के सात विधायक भी साथ आए हैं। इतना ही नहीं रालोद भी साथ में है।

समाजवादी पार्टी के विधायक नितिन अग्रवाल ने कहा कि इन चुनावों में भाजपा के 9 उम्मीदवार जीतेंगे। सपा-बसपा ने उपचुनाव में जो गठबंधन किया, वह सही नहीं है और जनता इन्हें करारा जवाब देगी। मैं यही कहना चाहता हूं कि जो पार्टी समाज की सेवा करने वालों की बजाय मनोरंजन करने वालों को उम्मीदवार बनाए, वह हार का मुंह ही देखेगी। बसपा के 17 और कांग्रेस के 7 विधायक एक साथ वोट डालने पहुंचे। रालोद के सहेंद्र सिंह अकेले वोट डालने पहुंचे।


मतदान के बाद कैबिनेट मंत्री तथा प्रदेश सरकार के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने कहा कि इस बार भाजपा के सभी नौ उम्मीदवार जीतेंगे। उधर सपा नेता राम गोपाल यादव ने भी कहा कि कोई क्रॉस वोटिंग नहीं होगी, लेकिन भाजपा विधायक हमारे पक्ष में मतदान करेंगे।
विधान भवन के तिलक हाल में मतदान चल रहा है। राज्यसभा के दस प्रत्याशियों का चयन मतदान के बाद आज शाम को पांच बजे के बाद होने वाली मतगणना से होगा।
इस बीच बड़ी खबर आ रही है कि आज दो निर्दलीय विधायक वोटिंग से अनुपस्थित रह सकते हैं। प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के साथ ही उनके खास प्रतापगढ़ के बाबागंज से विधायक विनोद सरोज ने भी मतदान नहीं करने का मन बना लिया है। अगर ऐसा हुआ तो यह सपा और बसपा के लिए बड़ा झटका होगा। कुंडा से निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह और उनके करीबी बाबागंज से निर्दलीय विधायक वोटिंग से अनुपस्थित रह सकते हैं। राजा भैया और बसपा सुप्रीमो मायावती के बीच छत्तीस का आंकड़ा रहा है। अब बसपा उम्मीदवार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

देखें तस्वीरें : लखनऊ में राज्यसभा चुनाव के मतदान की गहमागहमी
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा सीटों के लिए 11 उम्मीदवार मैदान में डटे हैं। विधायकों की संख्या के लिहाज से भाजपा के आठ और सपा के एक सदस्य की जीत तय है। एक सीट के लिए बसपा उम्मीदवार भीमराव अंबेडकर और भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी अनिल अग्रवाल के बीच मुकाबला है। बसपा उम्मीदवार अंबेडकर को सपा व कांग्रेस समर्थन कर रही हैं। अजित सिंह की पार्टी आरएलडी भी उनके समर्थन में है। भाजपा नौवीं राज्यसभा सीट पर निर्दलीय अनिल अग्रवाल को जिताने के लिए हर संभव कोशिश में जुटी है. बीजेपी गठबंधन के पास 28 वोट अतरिक्त हैं, जबकि जीतने के 37 वोट की जरूरत है। जेल में बंद बसपा के मुख्तार अंसारी व सपा के हरिओम यादव को वोटिंग की अनुमति न मिलने से भाजपा को बढ़त मिलती दिख रही है. भाजपा के पास अब 329 विधायक (एक संभावित सहित) हो गए हैं. उसे नौ उम्मीदवार जिताने के लिए 333 वोट चाहिए। चार विधायक ही कम रह गए हैं।

सपा से शिवपाल सिंह यादव ने डाला पहला वोट, कहा-बसपा प्रत्याशी की होगी जीत

विधान भवन के तिलक हाल में मतदान के बाद बाहर आए शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि क्रॉस वोटिंग की सारी बातें निराधार हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से दसवें प्रत्याशी के रूप में बसपा के भीमराव अंबेडकर का राज्यसभा जाना तय है। बसपा तथा सपा के प्रत्याशियों की बड़ी जीत होगी। राज्यसभा चुनाव में विपक्ष एकजुट है। इसमें क्रॉस वोटिंग की सारे खबरें निराधार हैं।शिवपाल ने कहा कि हम दोनों राज्यसभा सीटें जीतेंगे। इसमें कोई संशय नहीं है।

क्रॉस-वोटिंग सिर्फ हमारी तरफ से नहीं होगी बल्कि बीजेपी की तरफ से भी हो सकती है। शिवपाल ने कहा कि हमारा परिवार पहले भी एक था, अब भी एक है। हमारे अंदर कोई टूट नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी पार्टियों के विधायकों से हमारे संबंध हैं। यह जरूर है कि निर्दलीय विधायक अमन मणि और निषाद पार्टी के विधायक विजय मिश्रा हमसे मिले हैं। वो हमारे करीबी हैं, लेकिन हमारी पार्टी के नहीं है। सपा के संग्राम सिंह, वीरेंद्र यादव, सुभाष पासी ने वोट डाले। रफीक अंसारी और हाजी रिज़वान ने भी वोट डाले।मतदान के बाद शिवपाल सिंह यादव इटावा चले गए। जहां पर उनको इटावा सहकारिता संघ के चुनाव में मतदान करना है। 

कांग्रेस के सभी विधायकों ने एक साथ वोट डाला

यूपी में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए बीजेपी समेत सपा और बसपा दोनों ही अपने-अपने उम्मीदवार के जीत का दावा कर रहे हैं। कांग्रेस विधायक दल के नेता अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस के 7 विधायक वोट करने पहुंचे। क्रॉस वोटिंग से बचने के लिए सभी कांग्रेस विधायकों ने एक साथ तिलक हाल में पहुंचकर वोट किया। मतदान के बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता अजय कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा भले ही साजिश कर ले लेकिन जीत हमारी होगी इस बार तो सभी निर्दलीय के वोट हमें मिलेंगे। 

घमासान बीजेपी के अनिल अग्रवाल और बसपा के भीमराव अम्बेडकर के बीच है। लगातार बदल रहे सियासी समीकरणों के बीच आखिरी सीट के लिए मुकाबला रोचक हो गया है। दो विधायकों के पाला बदलकर बीजेपी के साथ जाने और एक अन्य के भी देर रात तक जाने की संभावना से विपक्ष की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

विधानभवन के तिलक हाल में नौ बजे मतदान शुरू हो गया है। चार बजे तक मतदान होगा, इसके बाद पांच बजे के बाद से मतगणना होगी। इसके बाद नतीजे आने लगेंगे। देश में आज राज्यसभा की 59 सीटों में से उत्तर प्रदेश की दस सीटों पर मतदान होगा। इसमें भाजपा के आठ के साथ समाजवादी पार्टी की जया बच्चन की जीत तय मानी जा रही है। 

लखनऊ में विधानभवन के तिलक हाल में उत्तर प्रदेश के 400 विधायक मतदान कर रहे हैं। इनके बीच सीएम योगी आदित्यनाथ भी विधान भवन प्रांगण में हैं। वह भाजपा के विधायकों के वार्ता कर रहे हैं।शिवपाल सिंह के बाद समाजवादी पार्टी के विधायक पारसनाथ यादव ने मतदान किया। उधर भारतीय जनता पार्टी के आठ उम्मीदवारों में कांता कर्दम, जीवीएल नरसिम्हा राव व अनिल जैन प्रदेश भाजपा मुख्यालय पहुंचे हैं। 

इस बार राज्यसभा की 56 में से 33 उम्मीदवारों को पहले ही निर्विरोध चुना जा चुका है। आज 26 सीटों के लिए मतदान होगा। इस बार भाजपा को कम से कम 12 सीटों को लाभ होने की उम्मीद है। इसके बाद वह राज्यसभा में सबसे बड़ी पार्टी बन जाएगी। राज्यसभा में सबसे बड़ी पार्टी होने के बाद भी भाजपा बहुमत से दूर रहेगी। राज्यसभा में 245 सदस्य होते हैं। इस बार कांग्रेस को चार सीटों का नुकसान हो सकता है। राज्यसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, झारखंड, छत्तीसगढ़, केरल व तेलंगाना में मतदान होगा।

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीट पर 11 उम्मीदवार हैं। जिनमें आठ पर भाजपा का जीतना तय है जबकि एक सीट समाजवादी पार्टी की जया बच्चन को मिलेगी। मामला दसवीं सीट का फंसा है। भाजपा के नौवें प्रत्याशी के रूप में अनिल अग्रवाल के मैदान में आने से बसपा के भीमराव अंबेडकर की राह कठिन हो गई है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेंद्र चौधरी ने दावा किया है कि सपा प्रत्याशी जया बच्चन और बीएसपी प्रत्याशी भीमराव अंबेडकर की जिनको सपा समर्थन दे रही है, जीतना तय है। जहां तक भाजपा का सवाल है उसके कुछ विधायक नाराज हैं इनमें से कुछ विपक्ष के साथ आ सकते हैं।

इस बार राज्यसभा की 56 में से 33 उम्मीदवारों को पहले ही निर्विरोध चुना जा चुका है। आज 26 सीटों के लिए मतदान होगा। इस बार भाजपा को कम से कम 12 सीटों को लाभ होने की उम्मीद है। इसके बाद वह राज्यसभा में सबसे बड़ी पार्टी बन जाएगी। राज्यसभा में सबसे बड़ी पार्टी होने के बाद भी भाजपा बहुमत से दूर रहेगी। राज्यसभा में 245 सदस्य होते हैं। इस बार कांग्रेस को चार सीटों का नुकसान हो सकता है। राज्यसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, झारखंड, छत्तीसगढ़, केरल व तेलंगाना में मतदान होगा। उत्तर प्रदेश की तरह ही कर्नाटक में राज्यसभा का चुनाव भी दिलचस्प हो गया है। यहां की चार सीटों के लिए पांच उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे हैं। कर्नाटक राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से तीन कैंडिडेट हैं, तो वहीं भाजपा की तरफ से एक हैं और जनता दल सेक्यूलर की तरफ से एक। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.