कश्मीर को लेकर राजनाथ सिंह की पाकिस्तान को दो टूक-हमारा था, हमारा रहेगा
राजनाथ सिंह ने कहा कि कश्मीर को लेकर पाकिस्तान किसी भी प्रकार के सपने न देखे। कश्मीर हमारा था, है और रहेगा। दुनिया की कोई ताकत कश्मीर को हमसे नहीं छीन सकती।
लखनऊ (जेएनएन)। नरेंद्र मोदी सरकार में गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कश्मीर को लेकर बड़ा बयान दिया है। राजनाथ सिंह सीआरपीएफ की 26वीं वर्षगांठ पर आज लखनऊ में थे।
लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने इस मौके पर कहा कि पहले की अपेक्षा आतंकी घटनाओं में काफी कमी आई है। इसका श्रेय सेना के साथ ही केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को भी है। इसके बाद भी पकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कश्मीर को लेकर पाकिस्तान किसी भी प्रकार के सपने न देखे। कश्मीर हमारा था, है और रहेगा। दुनिया की कोई ताकत कश्मीर को हमसे नहीं छीन सकती।
उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ के जवानों ने आतंकियों और माओवादियों का खात्मा किया है। यह जवान जिस्म के खून से शौर्य की कहानी लिखते हैं। सीआरपीएफ भारत की ऐसी फोर्स है जिसका कम संख्या बल बड़ी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। हर राज्य की फोर्स सभ्य हो। किसी भी प्रदेश की फोर्स निर्दयी नहीं होनी चाहिए। फोर्स अपने लिए काम नहीं करती वह देश के लिए है।राजनाथ सिंह ने केन्द्रीय बलों के पराक्रम की सराहना करते हुए कहा कि वह दिन दूर नहीं जब देश से नक्सलवाद और माओवाद का सफाया हो जाएगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले देश के 126 जिलों में नक्सलवाद था, वह अब सिमट कर 10-12 जिलों में रह गया है।
लखनऊ के विवेक तिवारी हत्याकांड पर राजनाथ सिंह ने कहा कि राज्य सरकार का मामला है। इसको योगी आदित्यनाथ सरकार बेहतर ढंग से देख रही है। प्रदेश में पुलिसकर्मियों के विरोध में काली पट्टी बांधने के मामले पर राजनाथ सिंह ने कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया। इस अवसर पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बहादुर अंशिका पांडेय को गृह मंत्रालय की तरफ से एक लाख का चेक देकर सम्मानित किया । गृहमंत्री सिन्धुनगर कृष्णानगर की बूथ संख्या 97 में बूथ चलो अभियान में हिस्सा लेंगे।
एक लोकतांत्रिक देश में सशक्त विपक्ष भी होना चाहिए: राजनाथ सिंह
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंधुनगर कृष्णानगर की बूथ संख्या 97 में बूथ चलो अभियान में पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि एक लोकतांत्रिक देश में सशक्त विपक्ष भी होना चाहिए, लेकिन यहां विपक्ष बिखरा हुआ है। विपक्ष को मोदी भाजपा हटाओ का नारा देने के बजाय जनमानस के मुद्दे उठाना चाहिए। राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा जीतेगी।