सीएम योगी के साथ राजनाथ बैठक में शामिल, तय होगा आठ पिछड़े जिलों के विकास का एजेंडा
लखनऊ के योजना भवन में इन सभी केंद्रीय मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के आठ पिछड़े जिलों के विकास का एजेंडा तय करेंगे।
लखनऊ (जेएनएन)। गृह मंत्री राजनाथ सिंह आज करीब आधा दर्जन केंद्रीय मंत्रियों के साथ लखनऊ में हैं। लखनऊ के योजना भवन में इन सभी केंद्रीय मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश के आठ पिछड़े जिलों के विकास का एजेंडा तय करेंगे।
योजना भवन में चल रही इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ गृह मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ला, केंद्रीय संचार राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, राज्य मंत्री संतोष गंगवार, साध्वी निरंजन ज्योति, पर्यटन राज्य मंत्री डॉ. महेश शर्मा तथा अन्य केंद्रीय मंत्री शामिल हैं। इनके साथ ही प्रदेश के आधा दर्जन कैबिनेट मंत्री इन जिलों के विकास का खाका तय करेंगे।
गृह मंत्री राजनाथ सिंह इस बैठक में शामिल होने करीब 10:30 बजे लखनऊ पहुंचे थे। नीति आयोग ने उत्तरप्रदेश के सबसे पिछड़े आठ जिलों में चित्रकूट, बलरामपुर, बहराइच, सोनभद्र, श्रावस्ती, चंदौली, सिद्धार्थनगर और फतेहपुर को शामिल किया है। उत्तरप्रदेश के इन 8 जिलों के विकास की जिम्मेदारी गृहमंत्री राजनाथ सिंह को दी गयी है। जिसके लिए वह आज केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा योगी आदित्यनाथ के कैबिनेट मंत्रियों के साथ बैठक कर रहे हैं।
केंद्र सरकार ने तय किया है कि इन आठ जिलों को वर्ष 2022 तक विकसित कर दिया जाए। जिलों में विकास कार्यक्रमों की रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए एक-एक केंद्रीय मंत्री को जिम्मेदारी दी गई है। इसी क्रम में यूपी के 8 जिलों की जिम्मेदारी राजनाथ सिंह को दी गई है। राजनाथ ने हाल ही में इन जिलों के विकास के लिए बनी योजनाओं की समीक्षा बैठक भी की। इसमें नीति आयोग के अधिकारियों के अलावा इन जिलों के अधिकारी भी शामिल हुए। इस पहली बैठक में आठ जिलों में सबसे पहले किन-किन क्षेत्र में कदम उठाने की जरूरत है, इस पर चर्चा हुई। अब सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ मिलकर राजनाथ सिंह विकास का खाका तैयार करेंगे।
राजनाथ सिंह आज इस बैठक के बाद शाम चार बजे किसान पथ और सवा चार बजे आउटर रिंग रोड का निरीक्षण करेंगे। उसके बाद शाम 4:50 बजे कुकरैल पुल के विकास कार्य का निरीक्षण करेंगे। वहां से शाम साढ़े पांच बजे लखनऊ एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।